उड़ान के दौरान विमान के शौचालय में बीड़ी जलाकर बैठ गया यात्री, मच गया हड़कंप

Flight-Smoke

नई दिल्ली : अक्सर उड़ान के दौरान विमान में विवाद की कई खबरें हमारे सामने आती रहती हैं। कई लोग विमान में उड़ान के वक्त ऐसी हरकतें करते हैं जिससे विमान में मौजूद अन्य यात्रियों की जान खतरे में पड़ जाती है। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला दिल्ली से गोवा जा रही अकासा एयर की फ्लाइट में देखने को मिला है। जानकारी के मुताबिक, विमान के शौचालय में एक यात्री बीड़ी जलाकर पीने लगा जिससे हड़कंप मच गया। आरोपी यात्री ने विमान में मौजूद सभी लोगों की जान को खतरे में डाल दिया। मामले के सामने आने के बाद यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, विमान के शौचालय में बीड़ी पीने के आरोप में एक पैसेंजर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया है कि ये घटना शनिवार को हुई है। आरोपी की पहचान आशीष नाम के शख्स के रूप में की गई है जो कि दिल्ली से गोवा जाने वाली अकासा एयर की उड़ान क्यूपी-1625 में सफर कर रहा था। एयरलाइन ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी ने कथित तौर पर विमान के शौचालय में बीड़ी पी। उसके पास से एक लाइटर भी मिला है। इस कारण विमान और उसमें मौजूद यात्रियों की जान को खतरा हो सकता था।

पुलिस ने जानकारी दी है कि यात्री द्वारा विमान में बीड़ी जलाए जाने से सहयात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। आरोपी के खिलाफ मोपा एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना को लेकर आगे की जांच की जा रही है।

अकासा एयर की ओर से भी इस घटना के बारे में जानकारी दी गई है। विमानन कंपनी ने बताया है कि घटना के सामने आने के बाद क्रू मेंबर्स ने जरूरी प्रोटोकॉल के अनुसार काम किया। एयरलाइन ने बताया- “अकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी-1625 में 7 मार्च को एक यात्री को विमान के शौचालय में धूम्रपान करते हुए पाया गया। क्रू मेंबर्स ने  सुरक्षा और नियामक प्रक्रियाओं और कानून के अनुरूप जरूरी प्रोटोकॉल का पालन किया और गोवा पहुंचने पर आरोपी को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *