पंजाब : आर्मरी डकैती के मास्टरमाइंड को आठ साल बाद मिली जमानत, झटपट रचाई शादी

gangster-sukka-marriage

बांदा : शहर के मध्य स्टेशन रोड पर शस्त्रों की दुकान पंजाब आर्मरी में भारी मात्रा में असलहों और कारतूसों की सनसनीखेज चर्चित डकैती, लूट  के मास्टर माइंड महाराष्ट्र के गैंगस्टर  सुक्का पाचा उर्फ बदी उज्जमा को आठ वर्षों बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। रिहाई के बाद घर मुंबई पहुंचे सुक्का को परिजनों ने अगले ही दिन 4 दिसंबर को चटपट शादी के बंधन में बांध दिया। घर वालों का कहना है कि बिगड़ैल बेटे को पुराना ढर्रा छोड़कर नई जिंदगी शुरू करने की मंशा से यह कदम उठाया है।

13 दिसंबर 2017 की रात शहर की मशहूर शस्त्र की दुकान पंजाब आर्मरी में बदमाशों ने धावा बोलकर चौकीदार के हाथ पैर बांधकर मुंह में टेप चिपका दिया और दुकान में रखी 25 राइफलें, 19 रिवाल्वर और 4140 कारतूस व नकदी लूटकर महाराष्ट्र से लेकर आए अपने चार पहिया वाहन में भरकर फरार हो गए। इससे पहले बदमाश शहर से एक प्राइवेट बस उठा लाए जिसमें गैस कटर आदि रखे थे।

असलहों से भरे वाहन को अगले दिन सुबह नासिक (महाराष्ट्र ) में पेट्रोल पंप पर तेल भराते समय महाराष्ट्र पुलिस ने मास्टरमाइंड गैंगेस्टर सुक्का पाचा उर्फ बदी उज्जमा (मुंबई) सहित सलमान खां (शिरडी) और नागेश बसोड़ (नासिक) को गिरफ्तार करके लूटे गए सभी असलहे व कारतूस बरामद कर लिए। बाद में महाराष्ट्र व बाँदा पुलिस ने सलमान (हाथीखाना, बाँदा) व हथौरा गांव निवासी एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया।

गैंगस्टर सुक्का पाचा तभी से जेल में था। अन्य आरोपियों की जमानत पहले हो चुकी है। सुक्का को बाँदा, हमीरपुर, कानपुर नगर व देहात तथा इटावा आदि की जेलों में कड़ी सुरक्षा में रखा गया। इस घटना का मुकदमा में बांदा व नासिक में चल रहा है।। सुक्का पर यूपी, महाराष्ट्र, दिल्ली राजस्थान और गुजरात आदि में 70 से ज्यादा आपराधिक मुकदमें चल रहे हैं।

इसी हफ्ते इटावा जेल से जमानत पर रिहाई के बाद अपने घर मुंबई पहुंचे गैंगस्टर सुक्का को माता-पिता व भाइयों आदि ने आननफानन शादी के बंधन में बांध दिया। उसका निकाह दिल्ली की रहने वाली अजरा खान से हुआ है। सुक्का पाचा के घर के आसपास महाराष्ट्र पुलिस का कड़ा पहरा है। सुक्का फिलहाल सार्वजनिक स्थलों से परहेज कर रहा है। भाई शहबाज ने बताया कि परिवार वालों की पूरी कोशिश है कि सुक्का अपनी पुरानी गतिविधियों से दूर रहकर अब शादीशुदा नई जिंदगी बसर करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *