वडोदरा : दिल्ली कैपिटल्स ने एक बार फिर विमेंस प्रीमियर लीग के फाइनल में जगह बना ली है। लीग के पहले तीन सीजन दिल्ली ने टेबल में टॉप पर रहकर फाइनल मुकाबला खेला था। इस बार एलिमिनेटर जीतकर फाइनल में जगह बनाई। गुजरात जायंट्स के खिलाफ दिल्ली ने एलिमिनेटर मुकाबले को 7 विकेट से जीता। फाइनल में टीम की भिड़ंत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगी। 5 फरवरी को विमेंस प्रीमियर लीग का फाइनल होगा।
एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंक करने का फैसला किया। गुजरात जायंट्स ने 7 विकेट पर 168 रन बनाए। दिल्ली ने जवाब में विस्फोटक बैटिंग की और 16वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। दिल्ली ने भले ही चौथी बार फाइनल में जगह बना ली है लेकिन अभी तक टीम ने एक बार फिर लीग का खिताब नहीं जीता है। पहले तीनों फाइनल में उसे हार झेलनी पड़ी थी।
गुजरात की शुरुआत खराब थी। टीम ने 59 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे, जहां से सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी ने जॉर्जिया वेयरहैम के साथ पांचवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। वेयरहैम 25 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद मूनी ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 51 गेंदों में 6 चौकों के साथ 62 रन की नाबाद पारी खेली। काशवी गौतम ने 10 गेंदों में 3 चौकों के साथ 18 रन जुटाए। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से चिनले हैनरी ने 3 विकेट और नंदिनी शर्मा ने 2 विकेट हासिल किए।
दिल्ली कैपिटल्स को लीजेल ली और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। सलामी जोड़ी ने 7.1 ओवरों में 89 रन जोड़े। लिजेल ली 24 गेंदों में 1 छक्के और 8 चौकों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि शेफाली ने 21 गेंदों में 7 चौकों के साथ 31 रन जुटाए। कैपिटल्स 92 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 68 रन जुटाते हुए टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया।
जेमिमा ने 23 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 41 रन बनाए, जबकि लौरा ने 24 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ नाबाद 32 रन बनाए। जॉर्जिया को 2 और राजेश्वरी गायकवाड़ को एक विकेट लिया। गुजरात की टीम ने अतिरिक्त के रूप में 18 रन दिए।
