यूपी : गोरखपुर में दीपक गुप्ता मर्डर केस के आरोपी गौ तस्कर जुबेर का एनकाउंटर, रामपुर में हुआ ढेर

गोरखपुर : यूपी के गोरखपुर में NEET की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता मर्डर केस के आरोपी जुबेर को एसटीएफ ने रामपुर में एक एनकाउंटर में ढेर कर दिया। जुबेर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। कई मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। गोरखपुर में पिछले दिनों हुई दीपक गुप्ता की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी था। दीपक गुप्ता की पशु तस्करों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद से पुलिस को जुबैर की तलाश थी।

15 सितंबर की रात हुई थी दीपक की हत्या : बता दें कि गोरखपुर में 15 सितंबर को हुई एक सनसनीखेज घटना में पशु तस्करों ने 20 वर्षीय NEET छात्र दीपक गुप्ता की बेरहमी से हत्या कर दी। 15 सितंबर 2025, रात करीब 11:30 बजे, पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगलधूसड़ गांव में  पशु तस्कर दो पिकअप वैन में सवार होकर दाखिल हुए। वे मवेशियों को चुराने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने पशु तस्करों का विरोध करना शुरू कर दिया। इस दौरान 19 साल का छात्र दीपक गुप्ता उनके पीछे शोर मचाते हुए दौड़ा था। इस दौरान तस्करों ने दीपक को पकड़ लिया और बुरी तरह से पीटा। गांव से दूर लेकर जंगल में उसकी लाश फेंक दी।

दीपक की हत्या से लोगों का फूटा गुस्सा : दीपक गुप्ता की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह होते-होते गोरखपुर-पिपराइच रोड पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ आई। सैकड़ों की तादाद में उमड़े लोगों ने सड़क जाम कर दी और नारेबाजी करने लगे। धीरे-धीरे हालात बेकाबू होने लगे। ग्रामीणों ने एक वाहन को आग के हवाले कर दिया और पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि बीच-बचाव करने पहुंचे एसपी जितेंद्र श्रीवास्तव और पिपराइच थाना प्रभारी पुरुषोत्तम भी घायल हो गए। पुलिस को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद चार थानों की फोर्स और पीएसी को मौके पर तैनात करना पड़ा था।

अब तक मामले में कुल चार आरोपी गिरफ्तार : पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एक आरोपी रहीम पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया था, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य आरोपी अजब हुसैन को ग्रामीणों ने पकड़कर घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। दो अन्य आरोपियों छोटू और राजू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन जुबैर फरार चल रहा था। आखिरकार रामपुर में एनकाउंटर के दौरान वह मारा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *