हरियाणा : शोरूम से सफाई कर्मचारी ने चुराई इलेक्ट्रिक कार, गांव ले जाते वक़्त हुआ हादसा

Hariyana-Car

महेंद्रगढ़ : महेंद्रगढ़ शहर के एक ऑटोमोबाइल शोरूम से नई इलेक्ट्रिक कार चोरी हो गई है। शोरूम के शाखा प्रबंधक की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने शोरूम के ही सफाई कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

शोरूम के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लांबी अहीर तहसील बुहाना जिला झुंझुनू का रहने वाला है और महेंद्रगढ़ स्थित एक ऑटो मोबाइल शोरूम में बतौर शाखा प्रबंधक तैनात है।

शोरूम में रविंद्र निवासी बुडीन को सफाई कर्मचारी लगाया हुआ था। शोरूम की एक चाबी रविंद्र के पास रहती थी। आठ मार्च को वह अवकाश पर था और सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी करके अपने-अपने घर पर चले गए थे। शाखा प्रबंधक ने अपने घर पर बैठे-बैठे अपने फोन से जुड़े हुए शोरूम व वर्कशॉप में लगे सीसीटीवी कैमरा को चेक किया तो सफाई कर्मचारी रविंद्र शोरूम के वर्कशॉप की चाबी से ताला खोला और वर्कशॉप से एक नई गाड़ी बिना पंजीकरण टाटा पंच इलेक्ट्रिक चोरी करके ले जाता हुआ दिखाई दिया। उसने इसकी सूचना हेड ऑफिस नारनौल के जनरल मैनेजर मंजीत सिहं राठौड़ को दी।

इसके बाद हेड ऑफिस से और कर्मचारी महेंद्रगढ़ शोरूम आए और रिकॉर्ड की जांच की तो एक गाड़ी नहीं मिली। कर्मचारियों ने गाड़ी की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं चला। कर्मचारियों को सूचना मिली कि सफाई कर्मचारी रविंद्र ने गाड़ी का अपने गांव के नजदीक एक्सीडेंट कर दिया।

तत्काल प्रभाव से कर्मचारी व अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और वहां देखा तो गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त थी और रविंद्र मौके से भाग चुका था। पुलिस से सफाई कर्मचारी रविंद्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शहर थाना पुलिस ने सफाई कर्मचारी रविंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *