मुंबई : अंडरवर्ल्ड डॉन हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्जा ने कथित यौन शोषण, जबरन शादी और संपत्ति हड़पने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से न्याय की गुहार लगाई है। इसी के साथ हसीन मस्तान मिर्जा का अपने साथ हुई ज्यादती पर भी दर्द छलका है।
हसीन मस्तान मिर्जा का आरोप है कि पिता हाजी मस्तान की मौत के बाद साल 1996 में उनकी जबरन शादी उनके मामा के बेटे से कराई गई। उस वक्त वह नाबालिग थीं। उन्होंने दावा किया कि आरोपी ने उनका बलात्कार किया, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया। इसी के साथ उनकी पहचान छिपाकर संपत्ति हड़प ली। हसीन का यह भी आरोप है कि वह व्यक्ति उनसे पहले आठ बार निकाह कर चुका था।
हसीन ने कहा,’मैंने अमित शाह जी और मोदी जी से गुहार लगाई है। मेरे साथ ज्यादती हुई, हत्या की कोशिश हुई, बाल विवाह कराया गया, मेरी संपत्ति छीनी गई और मेरी पहचान तक छुपा दी गई। अगर कानून सख्त होंगे तो लोग अपराध करने से डरेंगे।’ हसीन ने आगे बताया कि वह लंबे समय से न्याय के लिए संघर्ष कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपनी पीड़ा सामने रखी, जिसमें उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मदद की अपील की।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लाए गए ट्रिपल तलाक कानून की तारीफ करते हुए कहा कि इस कानून से मुस्लिम महिलाओं को राहत मिली है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त न्याय के लिए और कड़े कानून बनाए जाएं। हसीन ने कहा,’ट्रिपल तलाक कानून बहुत अच्छा है। पहले इस्लाम में धार्मिक कानून का दुरुपयोग हो रहा था। मोदी जी ने बिल पास कर महिलाओं को बड़ी राहत दी है।’
हसीन मस्तान मिर्जा ने कहा, ‘मैंने अमित शाह, मोदी जी से गुजारिश की है, इतनी सारी चीजें हो रही हैं, रेप-मर्डर, हर दिन कुछ न कुछ हो रहा है। जैसा मेरे साथ हुआ जान से मारने की कोशिश, बाल विवाह हुआ, मेरी प्रॉपर्टी ले ली गई, और मेरी पहचान छिपा दी गई। इसलिए मैंने कहा था कि अगर कानून सख्त होगा, तो लोग अपराध करने से डरेंगे।’
अपने दर्दनाक अनुभव साझा करते हुए हसीन ने कहा कि उस समय वह बच्ची थीं और उन्हें किसी का सहारा नहीं मिला। हसीन ने बताया,’जब मेरे साथ अत्याचार हो रहा था, तब मैं नाबालिग थी। आज मैं वयस्क हूं, फिर भी कोई साथ देने वाला नहीं है। पुलिस तक सवाल करती है कि तब तुम क्या कर रही थीं?’
हसीन ने बताया कि उन्हें तीन बार आत्महत्या करने की कोशिश करनी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें घर से निकाल दिया गया और कोई उनका साथ देने को तैयार नहीं था। इस मामले को लेकर सुर्खियों में आने के बाद हसीन ने लोगों से अपील की है कि उनके पिता का नाम इस विवाद में न घसीटा जाए। उन्होंने कहा,’मुझे दुख होता है जब मेरे पिता का नाम इस तरह लिया जाता है। यह मेरी निजी कहानी है, मेरे पिता की नहीं। यह सब उनके निधन के दो साल बाद हुआ।’
हसीन ने कहा कि उनके पिता हाजी मस्तान ने अपने जीवन में अच्छे काम किए और उन्हीं की बदौलत वह आज सुरक्षित हैं, जबकि पहले उनकी हत्या की कोशिशें भी हो चुकी हैं। बता दें कि हाजी मस्तान का निधन 25 जून 1994 को दिल का दौरा पड़ने से हुआ था। वे मुंबई अंडरवर्ल्ड का एक बड़ा नाम थे और रियल एस्टेट व समुद्री तस्करी से जुड़े कारोबार में सक्रिय थे। उनके संबंध दाऊद इब्राहिम सहित कई अंडरवर्ल्ड हस्तियों से बताए जाते रहे हैं।
