अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन की श्रेणी ‘बी’ के लिए फिर चुना गया भारत

IMO_India

नई दिल्ली : लंदन में अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) की परिषद के लिए भारत को फिर से श्रेणी बी में चुना गया है। इस श्रेणी में दस ऐसे देश शामिल हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार में सर्वाधिक रुचि है। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई।

बयान में आगे कहा गया कि भारत ने इस श्रेणी में सर्वाधिक मत हासिल किए। चुनाव में कुल 169 वैध मतों में से 154 मत भारत के पक्ष में थे। आईएमओ असेंबली के 34वें सत्र के दौरान परिषद के चुनाव शुक्रवार को गोपनीय मतदान के जरिये आयोजित किए गए। परिषद का कार्यकाल 2026-27 की दो वर्ष की अवधि के लिए होगा।

इसमें कहा गया, भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन में व्यापक अंतरराष्ट्रीय समर्थन हासिल किया, ताकि वह वैश्विक समुद्री क्षेत्र में अपनी सेवा जारी रख सके। आईएमओ परिषद तीन श्रेणियों से बनी है, जिसमें 176 आईएमओ सदस्य देशों में से 40 निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं। परिषद असेंबली के सत्रों के बीच कार्य करती है।

आईएमओ की 34वीं असेंबली के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने अन्य देशों के प्रतिनिधिमंडलों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और आईएमओ के अधिकारियों के साथ आपसी रुचि के क्षेत्रों पर बैठकें कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *