IND vs AUS : भारत ने तीसरे टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को चटाई धूल, 5 विकेट से जीत दर्ज की

Ind-vs-Aus-T20-India-Won

नई दिल्ली : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का तीसरा टी-20 मैच होबार्ट में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया ने इस टारगेट को बेहद आसानी से 19वें ओवर में हासिल कर लिया। वाशिंगटन सुंदर ने इस मैच में 49 रन की शानदार पारी खेली। टीम इंडिया की इस जीत के साथ ही पांच मैचों की ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच चुकी है। सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था।

टिम डेविड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए लगाया तूफानी अर्धशतक : टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआती अच्छी नहीं रही। पहले तीन ओवरों में ही दो झटके लग चुके थे। अर्शदीप सिंह ने अपने शुरुआती दो ओवरों में ट्रेविस हेड और जोश इंग्लिस को पवेलियन भेजा। इसके बाद कप्तान मिचेल मार्श और टिम डेविड के बीच तीसरे विकेट के लिए 35 गेंद में 59 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान टिम डेविड ने इस मैच में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने स्टोइनिस के साथ पांचवें विकेट के लिए 27 गेंद में 45 रन की साझेदारी निभाई। डेविड 38 गेंद में आठ चौके और पांच छक्कों की मदद से 74 रन बनाए। इसके बाद स्टोइनिस ने मैथ्यू शॉर्ट के साथ छठे विकेट के लिए 39 गेंद में 64 रन की साझेदारी की। वह 39 गेंद में आठ चौके और दो छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए। शॉर्ट 15 गेंद में 26 रन और जेवियर बार्टलेट तीन रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से अर्शदीप ने तीन विकेट लिए, जबकि वरुण चक्रवर्ती को दो विकेट मिले।

भारत के लिए वाशिंगटन सुंदर ने खेली मैच विनिंग पारी : लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी अच्छी रही। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 33 रन की पार्टनरशिप हुई। अभिषेक ने 16 गेंद में 25 रन बनाए। वहीं गिल ने 12 गेंद में 15 रन की पारी खेली। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 11 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया। वहीं तिलक वर्मा ने 26 गेंदों में 29 रन बनाए। भारत की तरफ से वाशिंगटन सुंदर ने मैच विनिंग पारी खेली। वहीं जितेश शर्मा भी अंत तक नाबाद रहे। वाशिंगटन सुंदर 23 गेंद में 49 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं जितेश शर्मा ने 13 गेंदों में 22 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए इस मैच में विनिंग रन जितेश शर्मा के बल्ले से आए। ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी की बात करें तो वहां नाथन एलिस ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *