नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बेंगलुरु में जारी है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में महज 46 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट गंवाकर 180 रन बना लिए हैं। शुक्रवार को मैच के तीसरे दिन कीवी टीम इससे आगे खेलेगी। बंगलूरू टेस्ट का पहला दिन बारिश से धुल गया था।
शतक से चूके कॉन्वे : कन्वे अच्छी लय में दिख रहे थे और धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे थे। हालांकि, भारत के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के कॉन्वे को बोल्ड कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई और कॉन्वे को शतक लगाने से रोका। कॉन्वे 105 गेंदों पर 11 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 91 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिर रचिन और मिचेल ने भारत को और सफलता हासिल नहीं करने दी और स्टंप तक क्रीज पर टिके रहे। न्यूजीलैंड ने अब तक भारत पर 134 रन की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया आज कीवी टीम को जल्द से जल्द और कम से कम स्कोर पर समेटना चाहेगी। न्यूजीलैंड जहां तीन तेज गेंदबाजों को लेकर उतरा है, वहीं भारत ने तीन स्पिनर्स खिलाए हैं।
भारत की गेंदबाजी भी नहीं रही अच्छी : खराब बल्लेबाजी के बाद टीम इंडिया की गेंदबाजी भी अच्छी नहीं रही। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान टॉम लाथम और डेवॉन कॉन्वे ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े। भारत को कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने पहली सफलता दिलाई और लाथम को एलबीडब्ल्यू किया। लाथम 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कॉन्वे ने विल यंग के साथ मिलकर पारी को संभाला और दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी हुई। यंग जडेजा की गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हुए।
11 खिलाड़ी मिलकर 50 रन नहीं बना सके : इससे पहले, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ और ओवरकास्ट कंडीशन में टीम इंडिया के बल्लेबाज ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। टीम के पांच बल्लेबाज तो खाता तक नहीं खोल सके। इनमें विराट कोहली, सरफराज खान, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन शामिल हैं। 46 रन भारत में किसी भी टीम द्वारा टेस्ट में सबसे कम स्कोर है। भारत ने दो साल पहले न्यूजीलैंड द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ा। 2021 में कीवी टीम वानखेड़े में 62 रन पर सिमट गई थी। यह भारत का अपने घर में सबसे खराब प्रदर्शन है। भारत अपने घर में पहली बार 50 का आंकड़ा भी नहीं छू पाया है। 11 खिलाड़ी मिलकर 50 रन नहीं बना सके।
वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ भी भारत का यह सबसे खराब स्कोर है। इससे पहले 1976 में टीम इंडिया ने वेलिंगटन में कीवियों के खिलाफ 81 रन बनाए थे। यह टेस्ट में भारत का तीसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में भारतीय टीम 36 रन पर सिमट गई थी। वहीं, 1974 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में टीम इंडिया 42 रन पर ऑलआउट हो गई थी। यह टेस्ट में ओवरऑल किसी द्वारा 10वां न्यूनतम स्कोर है। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने पांच विकेट लिए। इसी के साथ टेस्ट में उनके 100 विकेट भी पूरे हो गए। वहीं, 23 साल के तेज गेंदबाज विलियम ओरुर्के ने चार विकेट लिए। टिम साउदी को एक विकेट मिला।