नौशेरा : पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ाने के लिए लगातार षड्यंत्र रच रहा है। राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर के कलसिया इलाके में बुधवार सुबह सीमा पार से स्नाइपर राइफल से फायरिंग की गई। इससे भारतीय सेना का एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को एयरलिफ्ट कर उधमपुर के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले तड़के इसी इलाके में दो से तीन विस्फोट किए गए। आशंका है कि आतंकी घुसपैठ कराने के इरादे से पाकिस्तान ने इस नापाक हरकत को अंजाम दिया। हालांकि इन धमाकों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे कलसिया इलाके में सेना की जीआर बटालियन का जवान ड्यूटी पर तैनात था। इस दौरान पाकिस्तान ने स्नाइपर राइफल से फायर किए। गोली लगने से जवान घायल हो गया।
घायल की पहचान सिपाही मन कुमार के रूप में हुई है। हालांकि, सेना ने अभी तक इस घटना की पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद सेना ने बड़े पैमाने पर नियंत्रण रेखा पर ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से तलाशी अभियान चलाया।
कलसिया और नौशेरा के एलओसी से सटे अन्य क्षेत्रों में सेना हाई अलर्ट पर है। बता दें कि इससे पहले भी एक माह पहले पाकिस्तान की ओर से दागे गए स्नाइपर हमले में नौशेरा सेक्टर के कलाल क्षेत्र में सेना का एक जवान घायल हो गया था।