पर्थ : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए पहले वनडे में टीम इंडिया को सात विकेट से हार झेलनी पड़ी। बारिश से बाधित इस मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने माना कि शुरुआती ओवरों में तीन विकेट गिरने के बाद टीम के लिए वापसी करना बेहद मुश्किल हो गया। गिल ने मैच के बाद कहा, ‘जब आप पावरप्ले में तीन विकेट गंवाते हैं तो यह कभी भी आसान नहीं होता। आप हमेशा वापसी करने की कोशिश करते हैं। इस मैच से बहुत कुछ सीखने को मिला।’
भारत ने पावरप्ले के दौरान कप्तान रोहित शर्मा, गिल और विराट कोहली के विकेट जल्द गंवा दिए। कोहली बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि शर्मा केवल आठ रन बना सके। नौवें ओवर तक भारत का स्कोर तीन विकेट पर 25 रन था, जिससे टीम की शुरुआत बुरी तरह लड़खड़ा गई। हालांकि, गिल ने कहा कि भारतीय टीम ने कम स्कोर के बावजूद अच्छा संघर्ष किया। उन्होंने कहा, ’26 ओवरों में 130 रन का बचाव करते हुए हम मैच को काफी गहराई तक ले गए, इसलिए हम इससे संतुष्ट हैं।’
इस दौरान गिल ने दर्शकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विदेशी दौरों पर स्टेडियमों में दर्शकों की भारी उपस्थिति टीम के लिए प्रेरणादायक होती है। गिल ने आगे कहा, ‘हम भाग्यशाली हैं कि जहां भी खेलते हैं, प्रशंसक बड़ी संख्या में आते हैं। उम्मीद है कि एडिलेड में भी वे हमारा उत्साहवर्धन करेंगे।’
ऑस्ट्रेलिया ने भारत को वर्षा से बाधित पहले वनडे मुकाबले में सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। बारिश के कारण चार बार मैच को रोकना पड़ा जिस कारण इसे 26-26 ओवर कराने का फैसला किया गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 26 ओवर में नौ विकेट पर 136 रन बनाए, लेकिन डकवर्थ लुइस नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 131 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान मिचेल मार्श की शानदार पारी के दम पर 21.1 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बनाकर मैच जीत लिया।
