मुंबई : भारतीय नौसेना ने शुक्रवार की सुबह गोवा तट के पास एक अभियान चलाकर पनामा के ध्वज वाले जहाज से तीन विदेशी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। ये सभी जलने से घायल हो गए थे। इनमें से दो चीनी और एक इंडोनेशियाई नागरिक था। जबकि, चालक दल का चौथा सदस्य चोटों के कारण पहले ही दम तोड़ चुका था। मृतक भी चीन का नागरिक था। नौसेना के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सुरक्षित बाहर निकाले गए चालक दल के सदस्यों को आईएनएस हंसा में गोवा लाया गया, जहां से उन्हें आगे के चिकित्सा उपचार के लिए एक नागरिक अस्पताल भेजा गया। नौसेना ने एक बयान में कहा, भारतीय नौसेना ने 21 मार्च की सुबह गोवा से करीब 230 समुद्री मील पश्चिम में पनामा ध्वज वाले बड़े जहाज एमवी हीलन स्टार से चिकित्सा निकासी अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
बयान में आगे कहा गया, 20 मार्च की देर रात मुंबई स्थित भारतीय तटरक्षक बल के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) ने नौसेना को सूचित किया कि एमवी हीलन स्टार के चालक दल के चार सदस्यों गंभीर रूप से जल गए हैं और उन्हें तत्काल उच्च स्तरीय चिकित्सा देखभाल की जरूरत है। इसके बाद नौसेना ने आईएनएस विक्रांत और आईएनएस दीपक को मदद के लिए भेजा।
नौसेना ने कहा, 21 मार्च को सुबह होते ही आईएनएस विक्रांत के एक सीकिंग हेलीकॉप्टर ने चालक दल के तीन घायल सदस्यों को एमवी हीलन स्टार से निकालने के लिए एक चुनौतीपूर्ण अभियान को अंजाम दिया, जिनमें दो चीनी और एक इंडोनेशियाई नागरिक शामिल थे। दुख की बात है कि चालक दल का चौथा सदस्य पहले ही चोटों के कारण दम तोड़ चुका था।