मप्र : जबलपुर में इंडिगो की फ्लाइट का टायर हुआ पंक्चर, 4 घंटे तक परेशान रहे यात्री; उड़ान में हुई देरी

Indigo-Tyre

जबलपुर : मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर इस फ्लाइट का टायर पंक्चर हो गया। इसकी वजह से उड़ान चार घंटे से ज्यादा देरी के बाद भरी गई। उड़ान में हुई देरी की वजह से यात्री परेशान दिखे। न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से ये जानकारी सामने आई है।

क्या है पूरा मामला? : मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित डुमना हवाई अड्डे पर यह घटना घटी। दरअसल इंडिगो के एक विमान के टायर में खराबी आ गई, जिसकी वजह से फ्लाइट को रोकना पड़ा और फिर इसे उड़ान भरने में 4 घंटे की देरी हुई। अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, मुंबई से आए विमान को यात्रियों को उतारने के बाद पार्किंग क्षेत्र (एप्रान) की ओर ले जाया जा रहा था, उसी समय ये पता लगा कि फ्लाइट के टायर में खराबी आ गई है।

हवाई अड्डे के निदेशक राजीव रतन पांडे ने बताया, “विमान दोपहर में मुंबई से डुमना पहुंचा था, और यात्रियों के सुरक्षित उतरने के बाद टायर क्षतिग्रस्त हुआ। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। टायर बदलने के कारण उत्पन्न हुई देरी के चलते, अधिकांश यात्रियों को बेंगलुरु और दिल्ली के रास्ते उनके गंतव्य तक भेजा गया।”

पांडे ने बताया, “यह विमान दोपहर 12:40 बजे मुंबई वापस लौटने वाला था, लेकिन टायर की समस्या के कारण यह शाम करीब 5:30 बजे कुछ यात्रियों को लेकर मुंबई के लिए रवाना हो सका।” हालांकि इंडिगो के प्रवक्ता ने खबर लिखे जाने तक इस मामले पर कोई जानकारी नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *