नई दिल्ली : ईरान की तरफ से हिरासत में लिए गए 16 भारतीय नागरिकों में से 8 को रिहा कर दिया गया है। ये 8 भारतीय नागरिक यात्रा से जुड़ी औपचारिकताएं खत्म करने के बाद भारत लौट आएंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को भारतीय नागरिकों के बारे में जानकार दी।
जायसवाल ने आगे कहा कि 16 में से बचे 8 नागरिकों को लेकर भी भारतीय दूतावास के अधिकारी लगातार ईरान की सरकार के संपर्क में बने हुए हैं। हमने उन 8 नागरिकों को हर तरह से समर्थन देने का वादा किया है। हमारे अधिकारी इसके लिए प्रयास कर रहे हैं।
दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए रणधीर जायसवाल ने कहा कि 17 जनवरी को उन भारतीय नागरिकों के बारे में ईरान की तरफ से जानकारी मिली थी। तेहरान की तरफ से भारतीय दूतावास को बताया गया था कि दिसंबर के महीने में एमटी वैलिएंट रोर नामक जहाज के चालत दल को हिरासत में लिया गया था, इनमें 16 भारतीय नागरिक शामिल थे। इसके बाद ही बंदस अब्बास में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भारतीय चालक दल से मिलने के लिए ईरान के अधिकारियों से कई बार निवेदन किया था।
हमें ईरान में बंद भारतीय नागरिकों के लिए काउंसल एक्सेस मिला था, जिसके बाद हमारे अधिकारियों ने उनसे मुलाकात की। 16 में से 8 भारतीयों को छोड़ दिया गया है। 8 लोगों को वापस लाने की प्रक्रिया जारी है।
वो सभी कल भारत पहुंच गए हैं या आज पहुंचने वाले हैं। बाकी बचे 8 लोगों के बारे में हमारे भारतीय दूतावास के अधिकारी वहां की सरकार से बात कर रही है कि कैसे हम उनकी देखरेख कर सकते हैं और किस तरह से उनकी मदद की जा सकती है। साथ ही कैसे इस मुद्दे को सुलझाया जा सकता है। | – रणधीर जायसवाल, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता
दूतावास ने आगे बताया था कि 15 दिसंबर को पकड़ा गया जहाज यूएई की कंपनी के स्वामित्व वाला था। इसके बाद से ही जहाज कंपनी लगातार ईरान के एजेंट्स के संपर्क में बनी हुई थी। कंपनी ने जहाज में मौजूद चालक दल के लिए भोजन-पानी और ईंधन की व्यवस्था करने के लिए एजेंटों से कहा था। इतना ही नहीं उनके लिए कानूनी प्रतिनिधित्व की व्यवस्था करने का भी आग्रह किया गया था।