श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में समरौली के पास देवाल ब्रिज के नजदीक रविवार को एक भूस्खलन की घटना हुई, जिससे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की ऊपरी लेन (कश्मीर की ओर जाने वाला मार्ग) अवरुद्ध हो गया।
भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ है और प्रशासन द्वारा मलबा हटाने का कार्य जारी है। सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
जम्मू-श्रीनगर हाईवे राज्य का एकमात्र प्रमुख संपर्क मार्ग है, जो जम्मू को कश्मीर घाटी से जोड़ता है। ऐसे में इस मार्ग पर भूस्खलन से न केवल यात्री परेशान हैं, बल्कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है।
ऊधमपुर में पत्थर और मलबा गिरने से धार रोड डेढ़ घंटे रहा बंद : उधमपुर में भी बीते दिन बारिश से पूरे जिले में सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। धार रोड पर दुधर नाले के पास बुधवार को सुबह भूस्खलन होने से करीब डेढ़ घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही। इससे घटनास्थल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे वाहनों के चालक व यात्री परेशान होते रहे।
सड़क पर पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थरों के साथ मलबा भी गिरा था। इससे सड़क पूरी तरह से बंद हो गई थी। एकतरफा भी वाहनों को नहीं निकाला जा सकता था। सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम जेसीबी और कर्मचारियों के साथ पहुंच गई।
जेसीबी की मदद से सड़क से बड़े-बड़े पत्थरों को हटाया। साथ ही मलबा साफ किया गया। इसके बाद वाहनों को दोनों तरफ से निकाला जाना शुरू कर दिया गया। भूस्खलन में कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
स्थानीय निवासी सोनू कुमार ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के चलते दुधर नाले पर बने पुल के पास पहाड़ से भूस्खलन हुआ है। इससे काफी ज्यादा पत्थर गिरकर सड़क पर आ गिरे थे। इससे उधमपुर, मनवाल, किशनपुर, जिंद्राह, रौन दोमेल, बिलावर, बट्टल-मानसर, मजालता और सांबा के रास्ते उधमपुर की तरफ आने वाले वाहन फंस गए थे।
बता दें कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के बाद यह दूसरी अहम एवं बड़ी सड़क है। यह उधमपुर और सांबा को आपस में जोड़ती है। बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन सांबा से इसी सड़क से होकर उधमपुर तक पहुंचते हैं।