J&K : आज BJP उम्मीदवार राज्यसभा चुनाव के लिए 28 विधायकों के साथ करेंगे नामांकन

श्रीनगर : भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा राज्य सह-मीडिया प्रभारी एडवोकेट साजिद यूसुफ शाह ने बताया कि सत शर्मा (सीए), राकेश महाजन और डॉ. अली मोहम्मद मीर श्रीनगर के नागरिक सचिवालय में नामांकन जमा कराएंगे। इससे पहले सुबह 8:30 बजे सभा का आयोजन किया जाएगा।

इसके बाद वे सुबह 9 बजे नामांकन के लिए जाएंगे। नामित राज्यसभा उम्मीदवारों के साथ 28 भाजपा विधायक, भाजपा महासचिव (संगठन) जम्मू-कश्मीर अशोक कौल और भाजपा का राज्य नेतृत्व मौजूद रहेगा।

जम्मू-कश्मीर में भाजपा ने तीन प्रत्याशी मैदान में उतारे : भाजपा ने जम्मू कश्मीर में राज्यसभा की चार सीट के लिए 24 अक्तूबर को होने वाले चुनाव के लिए तीन प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। इनमें जम्मू-कश्मीर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल शर्मा व दो अन्य उम्मीदवार गुलाम मोहम्मद मीर और राकेश महाजन शामिल हैं।

निर्वाचन आयोग ने चार सीटों पर चुनाव के लिए तीन अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं। विधानसभा में अपनी संख्या के आधार पर नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन को तीन सीट पर बढ़त हासिल है जबकि भाजपा को एक सीट पर बढ़त हासिल है। भाजपा का चुनावी मैदान में उतरने का फैसला चुनाव को और रोमांचक बनाएगा क्योंकि उम्मीद है कि वह अपने प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने के वास्ते अन्य दलों के विधायकों को लुभाने का प्रयास करेगी।
 
नेकां का सुरक्षित सीट देने से इन्कार, कांग्रेस पीछे हटी.. : सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) की ओर से सुरक्षित सीट देने से इन्कार के बाद कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी 24 अक्तूबर को केंद्र शासित प्रदेश की चार सीटों के लिए होने वाले राज्यसभा चुनाव नहीं लड़ेगी, क्योंकि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने उन्हें सुरक्षित सीट देने से इन्कार कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *