नई दिल्ली : दो राज्यों असम और केरल और एक केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। दोनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में एक ही चरण में मतदान होगा, जिनमें असम की 126, केरल की 140 और पुदुचेरी की 30 सीटें शामिल हैं।
केरल में नई सरकार चुनने के लिए मतदान जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोगों से ऐसी सरकार को वोट देने का आग्रह किया जो सुनती, परवाह करती और काम करती है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर केरल की विविधता में एकता को विभाजन से कमजोर न होने देने का आह्वान किया। खरगे ने केरलवासियों के शिक्षा, गरिमा, धर्मनिरपेक्ष मूल्यों और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण को सराहा।
उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी, वित्तीय संकट और अनिश्चितता का जिक्र करते हुए न्याय और बेहतर केरल के लिए बड़ी संख्या में मतदान की अपील की। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी बदलाव के लिए यूडीएफ को वोट देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केरल के लोग ऐसी सरकार के हकदार हैं जो उनकी समस्याओं को समझती और कल्याण के लिए काम करती है। मतों की गिनती 4 मई को होगी।
केरल में कराए जा रहे विधानसभा चुनाव में आज कई हाईप्रोफाइल लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इन लोगों में एलडीएफ प्रत्याशी और मुख्यमंत्री पिनरई विजयन की सरकार में मंत्री पीए मोहम्मद रियास, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ, प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता वीडी सतीशन, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी, कांग्रेस सांसद हिबी ईडन जैसी हस्तियां शामिल रहीं। तीनों प्रदेशों में शांतिपूर्ण मतदान जारी है।
बीते कुछ समय से चुनावों में तकनीक का भी बढ़चढ़ कर इस्तेमाल हो रहा है। इसी की एक नजीर पुदुचेरी में दिखी जहां रोबोट नीला वोट डालने आ रहे लोगों का अभिवादन कर रही है। पुदुचेरी में हो रहे इस हाईटेक स्वागत के बादे में वीओसी गवर्नमेंट स्कूल में मौजूद शख्स कौशिक ने बताया, ‘इस रोबोट का नाम ‘नीला’ है। आम तौर पर इसका इस्तेमाल इवेंट में करते हैं। यानी शादियों, सरकारी कामों और चुनावों जैसे आयोजनों के दौरान। हम तमिलनाडु के कोयंबटूर से आए हैं। नीला रोबोट में कई खूबियां हैं… इसमें आवाज़ की भी सुविधा है, और यह बात भी कर सकती है। हम इसमें कमांड डाल सकते हैं, और पास खड़े व्यक्ति को वह आवाज सुनाई देगी।’
