बंगाल : कोलकाता में कस्टम अफसर और पत्नी को ऑटो चालकों ने घर में घुसकर पीटा, अजीजुल गाजी गिरफ्तार

Kolkata-Custom-Officer-Attack

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के कोलकाता में ऑटो चालक के साथ सड़क पर लड़ाई के बाद कस्टम अधिकारी पर दक्षिण 24 परगना मे जानलेवा हमले की घटना सामने आई है. हमले में जीएसटी और कस्टम विभाग के अधिकारी प्रदीप कुमार सिर पर गहरी चोट आईं हैं, जानकारी के अनुसार उनके फ्लैट पर 100 लोगों की भीड़ ने घुसकर जानलेवा हमला किया है.

फ्लैट में घुसे बदमाश : हमले में घायल प्रदीप कुमार ने बताया कि उनके घर के नीचे खड़ी गाड़ी को एक ऑटो वाले ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद उनकी उसके साथ कहासुनी हुई. इसके बाद जब कस्टम अधिकारी अपने फ्लैट में गए तो उनके पीछे-पीछे ऑटो ड्राइवर अपने साथ तथाकथित तौर पर 100 लोगों की भीड़ लेकर वहां पहुंचा और उसने अधिकारी पर जानलेवा हमला बोल दिया. इस हमले के दौरान घर में घुसे हमलावरों ने लोहे की ग्रिल और ताला तक तोड़ दिया. उसके बाद उन्होंने प्रदीप कुमार पर तेजधार हथियारों से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया तो वहीं हमले में बीच बचाव करने पहुंची उनकी बीवी को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा.

सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश : प्रदीप कुमार ऑटो चालक और उसके ग्रुप द्वारा किए गए हमले से सहमे हुए हैं. प्रदीप का कहना है कि उनके उस वक्त लगा कि हमला करने वाले लोग उसको जान से मार देंगे. इतना ही नहीं प्रदीप कुमार ने खुद को सरकारी ऑफिसर होने के बावजूद असुरक्षित महसूस होने का दावा  भी किया है. सीसीटीवी फुटेज में बिल्डिंग के गार्ड को चकमा देते हुए सभी हमलावर चौथे फ्लोर पर स्थित प्रदीप कुमार के फ्लैट तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं. फ्लैट के दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसते हुए तोड़फोड़ का वीडियो भी सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहा है.

पुलिस ने नहीं उठाया फोन : उत्तर प्रदेश के रहने वाले प्रदीप कुमार पिछले 9 साल कोलकाता में रहते हैं. प्रदीप ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया और कहा कि उन्होंने सहायता के लिए फोन किया लेकिन पुलिस ने फोन का जवाब नहीं दिया.  हमले के बाद प्रदीप कुमार को तथाकथित तौर पर पुलिस ने मूर्ति विसर्जन का हवाला देते हुए पुलिसकर्मियों की कमी बताई थी. हमले के बाद पहुंची पुलिस ने प्रदीप कुमार की शिकायत पर शुक्रवार को अजीजुल गाजी नाम के शख्स को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद अन्य तीन आरोपियों की भी हिरासत में लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *