पटना : राष्ट्रीय जनता दल 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व में ही लड़ेगा यह बात शनिवार दोपहर स्पष्ट हो गई। राजद के 29वें स्थापना दिवस पर लालू प्रसाद यादव की फिर से ताजपोशी हो गई। उन्हें पार्टी के 13वें राष्ट्रीय अध्यक्ष का सर्टिफिकेट भी मिला गया।
राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पटना के बापू सभागार में शनिवार को हुई। लालू यादव और राबड़ी देवी के साथ पार्टी के बाकी दिग्गजों ने दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक की शुरुआत की। इसके बाद लालू यादव और राबड़ी ने कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। आज के बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. रामचंद्र पूर्वे ने की।
23 जून को लालू ने किया था नामांकन दाखिल : पांच जुलाई 1997 को लालू प्रसाद यादव ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर राष्ट्रीय जनता दल का गठन किया है। तब से अब तक लालू ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं। कुछ दिन पहले इस बात की चर्चा जरूर थी कि लालू इस बार राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बनेंगे। उनका स्वास्थ्य पहले जैसा नहीं रहा। वह अक्सर बीमार रहते हैं। इसीलिए प्रदेश अध्यक्ष के तरह की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी नया चुना जा सकता है।
लेकिन, सारे अटकलों पर विराम लगाते हुए लालू प्रसाद ने 23 जून को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। उनके खिलाफ किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया। इसके बाद निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. रामचंद्र पूर्वे ने उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया था।