लीबिया की “गैर-जरूरी यात्रा से बचे”, भारत ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी; नागरिकों को दी सलाह

Lebiya-India-Travel-Advice

नई दिल्ली : भारत ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर अपने नागरिकों से लीबिया की “गैर-जरूरी यात्रा से बचने” को कहा है। यह एडवाइजरी 2016 में जारी ट्रैवल एडवाइजरी में आंशिक संशोधन है, जिसमें भारतीय नागरिकों के इस अफ्रीकी देश की यात्रा करने पर प्रतिबंध लगाया गया था। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि लीबिया में भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वो “सावधानी बरतें” और सड़क मार्ग से एक प्रांत से दूसरे प्रांत की यात्रा से बचें, साथ ही त्रिपोली में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें।

ट्रैवल एडवाइजरी में किया गया आंशिक संशोधन : बयान के मुताबिक, विदेश मंत्रालय की 23 मई 2016 की प्रेस विज्ञप्ति में आंशिक संशोधन किया गया है जिसमें भारतीय नागरिकों के लीबिया की यात्रा पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसमें कहा गया है, “लीबिया में मौजूदा सुरक्षा स्थिति के हमारे आकलन की प्रक्रिया में, भारतीय नागरिकों को लीबिया की अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।”

विदेश मंत्रालय की तरफ से कही गई ये बात : विदेश मंत्रालय ने 23 मई 2016 को अपने बयान में कहा था कि लीबिया में मौजूदा सुरक्षा स्थिति, सुरक्षा खतरों और लीबिया में भारतीय नागरिकों के जीवन के लिए चुनौतियों को देखते हुए, केंद्र सरकार ने भारतीय द्वारा किसी भी उद्देश्य के लिए लीबिया की यात्रा करने पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।

लंदन में भारतीय उच्चायोग ने जारी की एडवाइजरी : इससे पहले लंदन में भारतीय उच्चायोग ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए भारतीय यात्रियों को यूनाइटेड किंगडम की यात्रा को लेकर सतर्क किया था। लंदन में भारतीय उच्चायोग ने कहा था कि भारत से आने वाले पर्यटकों को सलाह दी जाती है कि वो यूके में यात्रा करते समय सतर्क रहें और सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *