नई दिल्ली : लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए लाए गए प्रस्ताव के बुधवार को ध्वनिमत से खारिज होने के बाद बीजेपी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कांग्रेस और उसके सहयोगियों की ‘‘साजिश’’ नाकाम हो गई।
संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि राहुल गांधी पूरी तरह ‘‘बेनकाब’’ हो गए हैं क्योंकि गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों का ‘‘मुंहतोड़ जवाब’’ दिया है।
बीजेपी सांसद ने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी सांसदों को बिरला के साथ दृढ़ता से खड़े रहने और लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव को खारिज करने के लिए धन्यवाद भी दिया। विपक्ष का प्रस्ताव खारिज होने के कदम का स्वागत करते हुए बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कांग्रेस और विपक्ष की पूरी साजिश नाकाम हो गई।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शाह ने बहस के विस्तृत जवाब में यह स्पष्ट कर दिया कि राहुल गांधी किस प्रकार निराधार दावा करके ‘‘नाटक’’ कर रहे हैं कि उन्हें बोलने की अनुमति नहीं है। संसदीय कार्य मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सदस्यों ने गृह मंत्री के भाषण के दौरान जानबूझकर हंगामा किया। विपक्षी सांसदों में से कई ने मुझे बताया कि कांग्रेस मतदान में भाग लेने के लिए इच्छुक नहीं थी क्योंकि उसे पता था कि आधे विपक्षी सदस्य उसके साथ नहीं हैं। इसलिए उन्होंने गृह मंत्री के भाषण को बाधित करने की योजना बनाई थी।
