नई दिल्ली : साउथ सुपरस्टार एक बार फिर अपने चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस मलयालम’ के साथ दर्शकों के बीच एंट्री कर चुके हैं। ये शो का सातवां सीजन है, जिसमें हर बार की तरह इस बार भी कई चर्चित सेलिब्रिटी शामिल हुए हैं। वैसे तो मोहनलाल द्वारा होस्ट किए जा रहे बिग बॉस मलयालम 7 में कई चर्चित चेहरों ने एंट्री ली है, लेकिन एक कपल की काफी चर्चा है।
हम बात कर रहे हैं लेस्बियन कपल आदिला नसरीन और फातिमा नूर की, उन्होंने बिग बॉस मलयालम 7 में साथ में एंट्री ली है। जब से दोनों ने रियलिटी शो में एंट्री ली है, दोनों के हर तरफ चर्चे हो रहे हैं। हर कोई इनके बारे में जानने को बेताब है।
आदिला नसरीन और फातिमा नूरा, केरल की एक लेस्बियन कपल हैं, जिन्होंने साथ रहने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी थी। आदिला और फातिमा के परिजन उनके साथ रहने के खिलाफ थे, जिसके बाद अदालत ने दोनों को एक साथ रहने की अनुमति दी थी।
आदिला ने फातिमा के साथ रहने के लिए केरल उच्च न्यायालय में एक ‘हैबियस कॉर्पस’ (बंदी प्रत्यक्षीकरण) याचिका दायर की थी। आदिला ने आरोप लगाया था कि फातिमा को उसके रिश्तेदारों ने उसे जबरन अपने पास रखा है और उसे और फातिमा को उनके परिवारों द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
जिसके बाद मामले पर सुनवाई करने के बाद केरल हाई कोर्ट ने दोनों को एक साथ रहने की अनुमति दे दी और साथ ही दोनों के परिवार को सख्त निर्देश दिए गए कि आदिला और फातिमा के जीवन में न तो हस्तक्षेप किया जाए और न ही उन्हें परेशान किया जाए।
आदिला और फातिमा की लव स्टोरी की बात करें तो दोनों की पहली मुलाकात सऊदी अरब में हुई थी, जहां दोनों 12वीं क्लास की पढ़ाई कर रही थीं। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों के परिवार वाले भी एक-दूसरे को जानते थे और काफी करीब थे। ऐसे में दोनों ने अपने प्यार के बारे में अपने घरवालों को बताने का फैसला लिया।
आदिला और फातिमा ने जब अपने घरवालों को बताया कि दोनों साथ रहना चाहती हैं तो इनके परिजन इस फैसले के खिलाफ हो गए। ऐसे में आदिला और फातिमा ने घर छोड़ने का फैसला लिया और सऊदी से भागकर इंडिया आ गईं और कोझिकोड में शरण ली।
लेकिन, आदिला का परिवार कोझिकोड पहुंच गया और उसे अपने साथ ले गया। वहीं फातिमा के परिवार ने पुलिस में आदिला के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। जिसके बाद आदिला और फातिमा ने केरल हाईकोर्ट में ‘हैबियस कॉर्पस’ याचिका दायर की और फिर इस लड़ाई में जीत हासिल की।
इस जीत के बाद आदिला और फातिमा रातों-रात सुर्खियों में छा गईं। अब ये समलैंगिक कपल सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव है। दोनों अपने ब्लॉग और सोशल मीडिया के जरिए फैंस से जुड़ी रहती हैं और अक्सर चर्चा में बनी रहती हैं।