वडोदरा : गुजरात जायंट्स ने विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के एलिमिनेटर में जगह बना ली है। बीसीए स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में गुजरात ने डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को 11 रनों से हराया। यह लीग के इतिहास में गुजरात की मुंबई के खिलाफ पहली जीत है। टीम को इससे पहले खेले सभी 8 मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी थी।
कप्तान एशले गार्डनर के 28 गेंद में 46 रन की मदद से गुजरात चार विकेट पर 167 रन बनाये। मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 156 रन ही बना सकी। आरसीबी पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है।
लीग राउंड में सिर्फ एक ही मैच यूपी वॉरियर्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स बाकी है। इस मैच में दिल्ली को जीत मिलती है तो वह एलिमिनेटर में पहुंच जाएगी। वहीं अगर यूपी को जीत मिलती है तो तीनों ही टीमों के 6-6 पॉइंट हो जाएगे। इसके बाद नेट रन रेट से एलिमिनेटर में जाने वाली टीम का फैसला होगा।
गुजरात जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लीग में 40 मैचों के बाद किसी टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। बेथ मूनी और सोफी डिवाइन ने पहले विकेट के लिए 2.2 ओवरों में 21 रन की साझेदारी की। बेथ मूनी महज 5 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद अनुष्का शर्मा ने सोफी डिवाइन के साथ दूसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 48 रन जुटाए। अनुष्का ने 31 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 33 रन की पारी खेली।
टीम ने 10.1 ओवरों के खेल तक सोफी डिवाइन का विकेट भी गंवा दिया था, जो 21 गेंदों में 3 चौकों के साथ 25 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। कप्तान एश्ले गार्डनर ने जॉर्जिया वेयरहैम के साथ चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 71 रन जुटाए। गार्डनर ने 28 गेंदों में 46 रन की पारी खेली, जिसमें 1 छक्का और 7 चौके शामिल रहे। वहीं, जॉर्जिया 26 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 44 रन बनाकर नाबाद रहीं। विपक्षी खेमे से अमेलिया केर ने 26 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि शबनीम इस्माइल और नैट साइवर-ब्रंट ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। सजीवन सजना और हेली मैथ्यूज रन बनाने के लिए जूझ रही थी। दोनों ही बैटिंग पावरप्ले में आउट हो गईं। मैथ्यूज ने 8 गेंद पर 6 रन बनाए जबकि सजना ने 25 गेंद पर 26 रनों की पारी खेली। टीम के स्टार बल्लेबाज नैट सीवर ब्रंट 6 गेंद पर 2 रन बनाकर आउट हो गईं। 37 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला। हालांकि किसी ने भी उनका साथ नहीं दिया। अमेलिया केर ने 16 गेंद पर 20 जबकि अमनजोत कौर ने 12 गेंद पर 13 रन बनाए।
34 गेंदों पर मुंबई की कप्तान ने लीग में अपना 11वां अर्धशतक लगाया। आखिरी दो ओवर में मुंबई को 37 रन बनाए थे। 19वें ओवर में 11 जबकि 20वें ओवर में 14 रन बने। हरमनप्रीत कौर 48 गेंद पर 82 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के मारे।
