मप्र : 2 पत्नियों का हत्यारा निकला कब्र खोदकर शवों से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी, चुनता था अमावस का दिन

MP-Aaropi

खंडवा : मध्य प्रदेश के खंडवा में बड़ा कब्रिस्तान में कब्रें खोदकर लाशों के साथ छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपी अय्यूब खान तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह जादू टोने के लिए लाशों के बाल काटता था। पुलिस ने अय्यूब के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस दर्ज किया है और अब रासुका (NSA) के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी अपनी दो पत्नियों की भी हत्या कर चुका है।

बता दें कि 21 सितंबर रविवार को बड़ा कब्रिस्तान में दो कब्रें खुली मिली थीं। इनमें से एक महिला की कब्र थी। परिजनों ने बताया कि शव के साथ छेड़छाड़ हुई है। शव के पैर वाले हिस्से से कपड़े हटे हुए थे। इससे पहले 19 मई को भी बड़ा कब्रिस्तान और सिहाड़ा कब्रिस्तान में छह कब्रों के साथ इसी तरह की घटना हुई थी।

पुलिस ने कब्रिस्तान में 13 सीसीटीवी कैमरे लगाए इसके बाद 21 सितंबर के बाद फुटेज खंगाले गए तो एक संदिग्ध युवक नजर आया। आरोपी की पहचान अय्यूब खान (50), निवासी ग्राम मुंदवाड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हरसूद से गिरफ्तार किया है।

अय्यूब ने 2009 में अपनी पहली पत्नी को जलाकर मार डाला था। 2011 में उसने दूसरी पत्नी की पानी में डुबोकर हत्या की थी। दूसरी पत्नी की हत्या में उसे उम्रकैद हुई थी। 15 मई 2025 को वह इंदौर सेंट्रल जेल से रिहा हुआ। जेल से छूटने के सिर्फ 4 दिन बाद यानी 19 मई को उसने पहली बार कब्रिस्तान में छेड़छाड़ की वारदात कर दी। आरोपी अमावस्या का दिन इसलिए चुनता था, ताकि किसी को लगे कि हिंदू व्यक्ति ने ऐसा किया है।

पुलिस पूछताछ में अय्यूब ने बताया कि उसने जेल में रहते हुए जादू टोना सीखा था। एक कैदी ने उसे समझाया था कि कब्र से लाशों के बाल काटकर उन पर जादू करने से ताकत मिलती है। रिहा होने के बाद उसने इसी वजह से कब्रें खोदना शुरू किया।

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी निर्वस्त्र नजर आया था। परिवार वालों ने आशंका जताई थी कि उसने शव के साथ दरिंदगी की है। पुलिस सूत्रों ने भी माना कि आरोपी ने पूछताछ में इस बात का जिक्र किया। हालांकि, इसे साबित करने के लिए शव को निकालकर पोस्टमार्टम कराना पड़ता, जिसके लिए न परिजन तैयार हुए और न समाज। इसलिए पुलिस ने केस को जादू टोने से जोड़ा।

एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि अय्यूब पर हत्या, चोरी और दहेज प्रताड़ना समेत कुल 13 केस दर्ज हैं। इसी आधार पर उस पर रासुका (NSA) की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड गंभीर है। रासुका के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *