नागपुर : मध्य प्रदेश के नागपुर-जबलपुर मार्ग से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। जहां एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के पीछे शव को बांधकर तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें यह दिख रहा है कि एक बाइक सवार अपनी बाइक के पीछे एक महिला का शव बांधकर बड़ी तेजी से जा रहा है। यह घटना नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय महामार्ग पर हुई है। इस घटना ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है, जो व्यक्ति अपनी बाइक पर महिला का शव लेकर जा रहा है ,वह व्यक्ति उस मृत महिला का पति है।
ट्रक के नीचे आ गई पत्नी : मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिला का नाम ग्यारसी अमित यादव है, जबकि पति का नाम अमित यादव है। रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे देवलापार थाना क्षेत्र के मोर फाटा इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से महिला का एक्सीडेंट हो गया था। पत्नी ट्रक के नीचे आ गई थी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी।
रक्षाबंधन के लिए पत्नी के साथ गांव जा था शख्स : पीड़ित पति अमित यादव ने कहा कि नागपुर से लगभग 12:00 बजे वह अपने गांव रक्षाबंधन के लिए निकला था। देवलापार को जैसे उन्होंने पार किया बारिश होने लगी। सड़क पर पानी भरा हुआ था। एक ट्रक चालक ने कट मारा जिस वजह से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक के साथ वो नीचे गिर गया। तभी महिला ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। अमित बाइक के सामने जा गिरा।
पत्नी के शव को बाइक में बांधा और निकल पड़ा : ट्रक चालक बाइक सवार को टक्कर मारकर फरार हो गया। जैसे-तैसे अमित यादव ने अपने को संभाला। उसके बाद वह मोबाइल और गाड़ी को उठाया। मृतक पत्नी को लेकर वह अपने गांव की तरफ चल दिया। अमित यादव ने बताया कि यह वीडियो पुलिस ने बनाया है।
पुलिस ने रोकने की कोशिश की पर वह नहीं रुका : अमित यादव ने कहा कि वह काफी डरा हुआ था। अमित यादव अपनी पत्नी का शव बांधकर तेज रफ्तार से मध्य प्रदेश के करणपुर जल्द से जल्द पहुंचाना चाहता था, हाईवे पुलिस की उस पर नजर पड़ी, हाईवे पुलिस उसको रोकने की कोशिश कर रही थी, लेकिन वह रुकने को तैयार नहीं था। वह कुछ बताने को तैयार नहीं था।
हाईवे पुलिस ने उसको रोक कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए उसे नागपुर भेज दिया। अमित और उसकी पत्नी पिछले 10 सालों से लोनारा नागपुर की कोराडी के पास रहते थे। रक्षाबंधन के मौके पर मध्य प्रदेश के करणपुर जा रहे थे।