मप्र : बच्चों की शादी तय करने के दौरान समधी-समधन में हुआ प्यार, महिला होने वाले समधी के साथ भागी 

MP-Ujjain-Love-Samdhi-Samdhan

उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लड़का और एक लड़की की सगाई होने वाली थी। लेकिन उससे पहले ही समधी और समधन के बीच प्रेम हो गया और वह दोनों घर से भाग गए। इस घटना से पूरे घर में हड़कंप मच गया।

क्या है पूरा मामला? : मामला उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील का है। उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील में प्यार का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां अपनी लड़की के लिए रिश्ता लेकर पहुंचे 50 वर्षीय व्यक्ति को लड़के की मां से प्रेम हो गया। सगाई से पहले ही महिला घर छोड़कर होने वाले समधी के घर चली गई।

पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखी और तलाश के बाद ढूंढ निकाला। महिला को घर भेजने की कोशिश की गई, तो उसने साफ कहा- अब यही मेरे जीवनसाथी हैं, मैं इनके साथ ही रहना चाहती हूं।

थाना प्रभारी का सामने आया बयान : थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि चिकली निवासी एक व्यक्ति अपनी बेटी के लिए बड़नगर तहसील के ऊंटवास गांव में रिश्ता देखने गया था। बातचीत के बाद लड़की-लड़के ने एक-दूसरे को पसंद किया। सगाई की तैयारी शुरू हुई।

14 अक्टूबर को ऊंटवास की 45 वर्षीय महिला (लड़के की मां) लापता हो गई। 15 अक्टूबर को बेटे ने बड़नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 15 दिन बाद पता चला कि वह चिकली में रह रही है। पुलिस पहुंची तो पाया कि महिला, लड़की के पिता के साथ रह रही है। दोनों को थाने लाया गया, जहां सच्चाई सामने आई।

थाने में महिला को करीब तीन घंटे तक समझाने का प्रयास किया गया। उसकी मां, सास और अन्य परिजन ने भी समझाया, लेकिन उसने साफ कहा कि वह अब ससुराल या मायके नहीं जाएगी।

टीआई अशोक पाटीदार के अनुसार महिला का पति जीवित है। वहीं जिस पुरुष के साथ वह रहना चाहती है, उसकी पत्नी का निधन हो चुका है। महिला के अडिग रहने पर फिलहाल उसे चिकली निवासी व्यक्ति के साथ जाने दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *