बिहार : मुजफ्फरपुर में RJD विधायक के ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या

muzaffarpur-murder

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में राजद विधायक शंकर प्रसाद यादव के निजी ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। होली के दिन हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना पारू थाना क्षेत्र के बिशनपुर गोपाल गांव की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है, जो राजद विधायक शंकर प्रसाद यादव का निजी ड्राइवर था। बताया जा रहा है कि अज्ञात अपराधियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी और शव को उसके घर के बाहर फेंककर फरार हो गए। परिजनों के अनुसार, होली के दिन सूरज मीट लेकर अपने ससुराल गया था। वहां से शाम को लौटने के बाद उसने गांव में लोगों के साथ होली खेली। रात में परिवार वालों को लगा कि वह गांव में ही कहीं होगा। परिवार के सभी लोग बथान पर थे। आधी रात को जब वे घर पहुंचे तो सूरज दरवाजे पर पड़ा मिला।

परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन वह बेहोश था। आनन-फानन में उसे पारू पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सूरज के शरीर पर बेरहमी से पिटाई के कई निशान थे। कई जगहों पर गंभीर जख्म थे और चोट वाली जगह से चमड़ी और मांस तक निकल गया था।

सूचना मिलने के बाद पारू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या किसने और क्यों की, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। सूरज की मौत की खबर से पत्नी रंभा देवी बेसुध हो गई। परिजनों में चीत्कार मचा हुआ है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *