मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने बिहार के पूर्व मंत्री रामसूरत राय के करीबी एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गरहा थाना क्षेत्र के मुरादपुर भगत गांव की है। बताया जा रहा है कि युवक गेहूं की दौनी कर ट्रैक्टर से घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए एसकेएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मुरादपुर भगत गांव निवासी हरिशंकर सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि हरिशंकर सिंह गेहूं की दौनी का काम खत्म कर ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। अभी वो घर से कुछ ही दूरी पर थे। उनका बेटा उन्हें देख रहा था। तभी बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली उनके सिर में लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने देखा हरिशंकर सिंह लहूलुहान होकर जमीन पर पड़े हैं। घटना के बाद आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए एसकेएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक के सिर में गोली लगी थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। – डॉक्टर शादाब अंसारी, एसकेएमसीएच
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गेहूं की दौनी को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले भी हरिशंकर सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें उन्होंने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। ऐसे में इस घटना को जमीनी विवाद से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
घटना की सूचना पर पूर्व मंत्री रामसूरत राय भी अस्पताल पहुंचे। रामसूरत राय ने कहा कि ‘मेरे घर के बगल में, मेरे पंचायत का ही लड़का है। मेरे घर परिवार का ही लड़का है। उसके सिर में गोली मारी गई है।’ इतना कहते ही बिहार के पूर्व मंत्री रामसूरत राय का गला भर आया। उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने मृतक के घरवालों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
निश्चित रूप से ये दुखद घटना है। गोली मारकर उसकी हत्या की गई है। मैं कहना चाहूंगा कि प्रशासनिक कार्रवाई हो। छह महीने पहले भी हरिशंकर सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था। तब भी कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
रामसूरत राय, पूर्व मंत्री
वही पूरे मामले को लेकर सिटी एसपी मोहिल्बुला अंसारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। एक युवक को गिरफ्तार कर अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
