नई दिल्ली/अबुजा : उत्तर-मध्य नाइजीरिया के नाइजर राज्य में शनिवार को करीब 100 यात्रियों को ले जा रही एक नाव पलट गई, जिससे 25 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य लापता हैं। नाव पलटने के बारे में रविवार को अधिकारियों ने जानकारी दी।
राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के एक अधिकारी इब्राहिम हुसैनी ने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार को नाइजर राज्य के शिरोरो इलाके के गुमु गांव के पास हुई। उन्होंने बताया कि खोज और बचाव कार्य जारी है, लेकिन सीमित है क्योंकि इस क्षेत्र पर ज्यादातर हथियारबंद गिरोहों का नियंत्रण है। उन्होंने आगे कहा कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।
नाव से 26 लोगों को बचाया गया : इस बीच, नाइजर राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के एक अधिकारी यूसुफ लेमू ने बताया कि नाव से 26 लोगों को बचाया गया है। इनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं। स्थानीय अधिकारी इसियाकू अकिलू ने बताया कि दुर्घटना का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन सभी संकेतों से ऐसा लगता है कि यह क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के कारण हुई। नाव चालक संघ के सदस्य अदामु अहमद ने पुष्टि की कि नाव क्षमता से अधिक लोगों से भरी हुई थी।
सशस्त्र समूहों ने हाल के महीनों में बढ़ाए हमले : बता दें कि सशस्त्र समूहों, जिन्हें आमतौर पर डाकू कहा जाता है, ने हाल के महीनों में उत्तर-मध्य क्षेत्र में हमले बढ़ा दिए हैं, जिससे बचाव कार्य जटिल हो गए हैं। वहीं, यह दुर्घटना नाइजीरियाई जलमार्गों पर होने वाली घातक नाव दुर्घटनाओं की श्रृंखला में नवीनतम है, जहां दूरदराज के इलाकों में, खासकर बरसात के मौसम में, अत्यधिक भार और खराब रखरखाव वाले जहाजों के कारण दुर्घटनाएं आम हैं।