नाइजीरिया : ईसाइयों पर कहर बनकर टूटे बंदूकधारी, 3 चर्चों पर हमला

Nigeria-Chruch

नई दिल्ली : उत्तर-पश्चिम नाइजीरिया में रविवार को तीन अलग-अलग चर्चों पर हमला हुआ है। तीनों पर चर्चों पर एक साथ हमला करते हुए बंदूकधारी हमलावरों ने यहां प्रार्थना के लिए जमा हुए 150 से ज्यादा लोगों को अगवा कर लिया। यह हमला रविवार को कडुना राज्य के कजुरु इलाके के कुरमिन वाली में हुआ। हमले के दौरान इवेंजेलिकल चर्च विनिंग ऑल (ECWA), चेरुबिम एंड सेराफिम संप्रदाय के चर्च और एक कैथोलिक चर्च में प्रार्थना सभा और मास चल रहा था। अभी तक किसी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

एसोसिएटेड प्रेस ने संसद में इलाके का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक उस्मान डानलामी स्टिंगो के हवाले से इस हमले की जानकारी दी है। उस्मान डैनलामी स्टिंगो ने बताया कि कजुरु क्षेत्र की कुरमिन वाली नामक एक बस्ती में हमले के बाद 177 लोग लापता थे, जिनमें से 11 वापस आ गए हैं। अभी भी 150 से ज्यादा लोगों की कोई जानकारी नहीं है। कडुना पुलिस की तरफ से इस हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

नाइजीरिया में लंबे समय से हिंसा और उथल पुथल मची हुई है। अफ्रीका के सबसे ज्यादा आबादी वाले इस देश में अलग-अलग इलाकों पर कंट्रोल के लिए बंदूकधारी हमलावर अक्सर दूर दराज के इलाकों में हमले करते हैं। इन हमलों में लोगों की हत्याएं करने के अलावा अपहरण कर लोगों को ले जाने का भी ट्रेंड देखा गया है।

नाइजीरिया में ईसाइयों के खिलाफ हिंसा की भी कई वारदातें हो चुकी हैं। इस पर बीते साल अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि नाइजीरिया में ईसाई धर्म खतरे में है क्योंकि हजारों ईसाई मारे जा रहे हैं। ईसाइयों का नाइजीरिया में कत्लेआम हो रहा है। ऐसे में अमेरिका दुनियाभर में अपनी विशाल ईसाई आबादी को बचाने के लिए कदम उठाएगा।

नाइजीरिया की करीब 22 करोड़ की आबादी में मुस्लिम और ईसाई समुदाय बराबर संख्या में हैं। देश में बोको हराम जैसे कट्टरपंथी इस्लामी संगठन लंबे समय से हिंसा कर रहे हैं। हालांकि देश के उत्तरी हिस्सों में होने वाली हिंसा का शिकार ईसाई और मुस्लिम दोनों समुदाय होते रहे हैं। ईसाइयों पर हमलों को लेकर अमेरिका में गुस्सा देखा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *