एटा : यूपी के एटा स्थित राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के गांव लुहारी गवी में शनिवार को दोपहर गांव विटोना जनपद कासगंज से बारात पहुंची। मौलवी ने निकाह भी पढ़ा दिया, लेकिन जूता चुराई की रस्म के दौरान वर-वधू पक्ष में विवाद हो गया जो इतना बढ़ा कि पूरी रात दोनों पक्षों में पंचायत चलती रही। पुलिस ने भी मध्यस्थता की लेकिन बात नहीं बनी और रविवार को बरात बिना दुल्हन के लौट गई।
लंबे समय से बीमार हैं पिता : लाल मोहम्मद की बेटी खुशनुमा की बारात शनिवार दोपहर के समय आ गई थी। पूरे कार्यक्रम के बाद शनिवार की शाम को ही विदा होनी थी। खुशनुमा की मां रिहाना ने बताया कि पति लाल मोहम्मद लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। मुश्किल से शादी की सभी रस्में अदा कीं। निकाह के बाद रस्म में छोटी बेटी ने जूता चुराई की। दामाद तालिब से रस्म के रुपये मांगे।
जूता चुराई पर दिए 200 रुपये : इस पर केवल 200 रुपये दिए गए। जब बेटी ने 1000 रुपये देने को कहा तो दामाद के पिता शाकिब खान ने उसका हाथ पकड़कर कहा कि जूता पैर में पहनाओ तब रुपये मिलेंगे। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
लड़के के पिता ने हाथ जोड़कर मांगी माफी : लाल मोहम्मद ने बताया कि लड़की की शादी में अपनी क्षमता से अधिक खर्चा किया और खातिरदारी में कोई कमी नहीं होने दी लेकिन लड़के पक्ष द्वारा कोई भी नेग-दस्तूर नहीं किया गया। फिर भी हमने लड़के के पिता से हाथ जोड़कर माफी मांग ली और विदा की तैयारी कर रहे थे। तभी लड़के की मां ने कहा कि लड़की को हम कार की डिक्की में डालकर ले जाएंगे।
घर ले जाकर काटेंगे इसे : लड़के की बहन ने कहा कि घर ले जाकर काटेंगे। यह सुनकर हम लोग डर गए और विदा नहीं की। रात में उन लोगों ने पुलिस को बुलाया, लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका, इसके बाद पुलिस चली गई। रविवार दोपहर तक कोई नतीजा नहीं निकलने पर बरात बिना दुल्हन के वापस ले जानी पड़ी।
मामला संज्ञान में है और पुलिस भी गई थी लेकिन इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। सुधांशु शेखर, सीओ अलीगंज