नई दिल्ली : जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खानम ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर पर तीखा हमला करते हुए उसे कट्टरपंथी इस्लामिस्ट बताया है जो भारत के साथ सीधी जंग चाहता है. अडियाला जेल में बंद इमरान खान की बहन ने स्काई न्यूज़ को दिए एक ज़बरदस्त इंटरव्यू में मुनीर को कट्टर इस्लामिक चरमपंथी बताते हुए उसे भारत-पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव का जिम्मेदार बताया. अलीमा ने अपने भाई को उदारवादी बताते हुए ये भी दावा किया कि भाईजान नई दिल्ली और भारत की सत्ता पर काबिज बीजेपी दोनों के साथ शांतिपूर्ण संबंध और दोस्ती चाहते थे.
क्या जवाब देंगे आसिम मुनीर? : अलीमा ने कहा, जब इमरान खान सत्ता में थे, उन्होंने लगातार भारत के साथ रिश्ते सामान्य करने की कोशिश की. इसके उलट आर्मी चीफ आसिम मुनीर का कट्टर इस्लामिक चरमपंथी और रूढ़िवादी होना भारत और पाकिस्तान के बीच टकराव की बड़ी वजह है. इमरान खान की फैमिली का ये भी कहना है कि जेल में बहन को भाई से मिलने की इजाजत देना इस बात का संकेत है कि पाकिस्तानी मिलिट्री पर अंदरखाने जनता का दबाव बढ़ रहा है.
भाई इमरान खान को पाकिस्तान की एसेट और पूरी तरह लिबरल कहकर, अलीमा ने सीधे तौर पर पश्चिमी देशों से उनकी रिहाई के लिए कोशिशें तेज करने की अपील की है. उन्होंने ये भा कहा कि क्षेत्रीय शांति और एक खतरनाक लड़ाई को रोकने के लिए इमरान खान की सत्ता में वापसी जरूरी है.
‘मुनीर के जहरीले बोल’ : आर्मी चीफ आसिम मुनीर के जहरीले बोलों का हवाला देते हुए अलीमा ने कहा, मुनीर पाकिस्तान का नुकसान कर रहे हैं. गौरतलब है कि मुनीर ने कहा था- ‘कश्मीर पाकिस्तान की गले की नस है’. ऐसे बयान देकर उन्होंने कट्टरपंथियों को उकसाया उसके बाद भारत में क्या हुआ और भारतीय सेना ने उसका कैसा जवाब दिया ये पूरी दुनिया जानती है.
