पाकिस्तान : कराची जेल में बंद 22 भारतीय मछुआरे हुए रिहा, वाघा सीमा से वापस पहुंचे 

Pak-India-Fisherman

नई दिल्ली/लाहौर : पाकिस्तान की कराची जेल में बंद 22 भारतीय मछुआरों को शनिवार को रिहा कर वापस भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि रिहा किए गए मछुआरों को वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों के हवाले किया गया। इन मछुआरों को ईदी फाउंडेशन की ओर से चलाई जा रही विशेष बस से कराची से लाहौर लाया गया था। ईदी फाउंडेशन के एक प्रवक्ता ने बताया, हर मछुआरे को ईदी फाउंडेशन की ओर से पांच हजार पाकिस्तानी रुपये, भोजन और उपहार दिए गए।

इन मछुआरों को किया गया रिहा : रिहा होने वाले मछुआरों में भूपत, माला, कृष्ण, खलाफ, मोहन, आसिफ, अशोक, अकबर, लक्ष्मण, मोजी, दीपक, राम, हरि, तपु, सुरेश, विजय, मनोज कुमार, विनु, महेश, शुभाष, संजय और सेलेधर शामिल हैं।

सजा पूरी होने के बाद रिहा किए मछुआरे-जेल अधीक्षक : इससे पहले कराची की मलिर जेल के अधीक्षक अरशद शाह ने मीडिया को बताया कि मछुआरों को उनकी सजा पूरी होने के बाद रिहा किया गया। उन्हें पाकिस्तान की समुद्री सीमा में अनजाने में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। दोनों देशों के मछुआरे अक्सर समुद्री सीमा पार होने के कारण गिरफ्तार होते हैं।

मछुआरों के प्रति दयालु दृष्टिकोण रखें भारत-पाकिस्तान-ईदी फाउंडेशन : ईदी फाउंडेशन के प्रमुख फैसल ईदी ने भारत और पाकिस्तान से आग्रह किया कि वे उन मछुआरों के प्रति अधिक दयालु दृष्टिकोण अपनाएं, जो समुद्री सीमाओं को गलती से पार कर जाते हैं।

दोनों देशों की जेलों में कितने बंदी : एक जनवरी 2025 को दोनों देशों ने अपने-अपने देश में बंदियों की सूची का आदान-प्रदान किया। इसके मुताबिक, पाकिस्तान में कुल 266 भारतीय बंदी हैं, जिनमें 49 नागरिक बंदी और 217 मछुआरे शामिल हैं। वहीं, भारत में पाकिस्तान 462 बंदी हैं, जिनमें 381 नागरिक बंदी और 81 मछुआरे शामिल हैं।

पाकिस्तान ने 2014 से भेजे 2639 मछुआरे : विदेश मंत्रालय (एमईए) ने 12 दिसंबर 2024 को लोकसभा में एक सवाल के जवाब में कहा था कि 2014 से अब तक पाकिस्तान से कुल 2639 भारतीय मछुआरे वापस भेजे जा चुके हैं। ईदी फाउंडेशन के फैसल ईदी ने दोनों पक्षों के मछुआरों के परिवारों की समस्याओं का जिक्र किया और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *