पाकिस्तान : बिक गयी PAK की सरकारी एयरलाइन्स PIA, आरिफ हबीब समूह से 135 अरब में हुआ सौदा

Pakistan-PIA-Sold-Arif

नई दिल्ली/इस्लामाबाद : आर्थिक रूप से पूरी तरह कंगाल हो चुके पाकिस्तान ने अब अपनी सरकारी एयरलाइन को भी बेच दिया है। पाकिस्तान की शहबाज सरकार ने घाटे में चल रही अपनी राष्ट्रीय एयरलाइन, पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) के निजीकरण की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी कर ली। जहां आरिफ हबीब समूह के नेतृत्व वाले संगठन ने 135 अरब रुपये की उच्चतम बोली लगाकर इसे खरीद लिया है। बता दें कि इस नीलामी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय टीवी चैनलों पर लाइव दिखाई गई।

इस्लामाबाद में आयोजित इस समारोह में लकी सीमेंट, निजी एयरलाइन एयरब्लू और आरिफ हबीब समूह ने अपनी सीलबंद बोलियां जमा की थीं। सरकार ने पीआईए के लिए 100 अरब रुपये का प्रारंभिक मूल्य तय किया था, लेकिन कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद आरिफ हबीब समूह की 135 अरब रुपये की बोली को कोई चुनौती नहीं दे सका।

80 अरब का करना होगा निवेश : ऐसे में अब सफल बोलीदाता को अगले पांच साल में पीआईए में 80 अरब रुपये का निवेश करना होगा। इसके अलावा, सरकार ने पिछले साल पीआईए के 654 अरब रुपये के कर्ज की जिम्मेदारी खुद ले ली थी। मामले में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस प्रक्रिया को पारदर्शी बताया और इसे पाकिस्तान के इतिहास का सबसे बड़ा लेनदेन करार दिया।

पीआईए का इतिहास : गौरतलब है कि पीआईए कभी दुनिया की प्रमुख एयरलाइनों में शामिल थी, लेकिन वर्षों के खराब प्रबंधन और घाटे के कारण यह भारी कर्ज में डूब गई थी। अब निजी हाथों में आने के बाद उम्मीद है कि पीआईए का संचालन बेहतर होगा और यह फिर से मजबूत और लाभकारी एयरलाइन बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *