झारखंड : पलामू के हुसैनाबाद में नहाते समय हादसा, सोन नदी में लापता हुए दो लोगों के शव बरामद

हुसैनाबाद : झारखंड के पलामू जिले में रविवार को छठ पर्व के अवसर पर सोन नदी में नहाते समय लापता हुए दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।  एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नदी में बहकर लापता हुए एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है। मृतक बिहार के रहने वाले थे।

6 लोगों में 3 तेज बहाव में बहे : उन्होंने बताया कि हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पोखराही गांव के पास चार दिवसीय छठ पर्व के ‘खरना’ के अवसर पर कुल छह लोग नदी में स्नान करने गए थे और उनमें से तीन गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में बह गए। हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने बताया कि तीन अन्य तैरकर किनारे पहुंच गए।

पूरे इलाके में शोक की लहर : उप-मंडल पुलिस अधिकारी (हुसैनाबाद) मोहम्मद एस याकूब ने बताया, “गोताखोरों ने बिहार निवासी अंकुश पासवान (22) और आदर्श चंद्रवंशी (22) के शव निकाल लिए हैं, जबकि पलामू जिले के पोखराही गांव के रहने वाले रजनीश चंद्रवंशी की तलाश जारी है।” पासवान औरंगाबाद और और आदर्श चंद्रवंशी गया जिले के रहने वाले थे। वे छठ पर्व मनाने के लिए पलामू स्थित अपने ससुराल आए थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *