नई दिल्ली : आज पेरिस ओलंपिक 2024 का 13वां दिन है। भारत को पेरिस ओलंपिक के 13वें दिन टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा से एक बार फिर ऐतिहासिक प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद होगी। दूसरी ओर, स्वर्ण की दौड़ से बाहर हो चुकी भारतीय पुरुष हॉकी टीम भी कांस्य पदक के साथ अपने अभियान को समाप्त करना चाहेगी।
भारत-स्पेन का मैच शुरू : भारत और स्पेन के बीच पुरुष हॉकी टीम का कांस्य पदक मुकाबला शुरू हो गया है। भारत को सेमीफाइनल में जर्मनी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था जिससे उसकी स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद टूट गई थी। हालांकि भारत के पास अब कांस्य जीतने का सुनहरा अवसर है। भारत ने टोक्यो ओलंपिक में भी कांस्य पदक जीता था।
सेमीफाइनल में पहुंचे अमन : अमन सहरावत ने अल्बानिया के पहलवान अबकारोव को पुरुषों के 57 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में हरा दिया। उन्होंने अबकारोव को 12-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। यह मुकाबला आज रात 9.45 बजे खेला जाएगा।
पहलवान अंतिम पंघाल पर लगेगा तीन साल का प्रतिबंध : पेरिस गए भारतीय दल के सूत्र ने पीटीआई को जानकारी देते हुए बताया कि अनुशासनहीनता के लिए पहलवान अंतिम पंघाल पर आईओए द्वारा तीन साल का प्रतिबंध लगाया जाएगा। दरअसल, अंतिम ने पेरिस ओलंपिक में महिलाओं की 53 किलोग्राम कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। यह वही भार वर्ग है जिसमें पहले विनेश हिस्सा लेती थीं। हैरानी की बात यह है कि अंतिम भी विवादों में फंस गई हैं।
युवा पहलवान अंतिम और उनकी बहन को पेरिस से निर्वासन का सामना करना पड़ रहा है। अंतिम ने खेल गांव से अपना निजी सामान लेने के लिए अपना आधिकारिक मान्यता कार्ड अपनी छोटी बहन को सौंप दिया और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। ऐसे में फ्रांसीसी अधिकारियों द्वारा अनुशासनात्मक उल्लंघन का आरोप लगाए जाने के बाद भारतीय ओलंपिक संघ ने संज्ञान लिया है। भारतीय पहलवान अंतिम, उनकी बहन और उनके सहयोगी स्टाफ को भारत वापस भेजने का फैसला लिया है।
अंशु मलिक क्वार्टर फाइनल से चूकीं : अंशु मलिक महिलाओं की 57 किग्रा स्पर्धा में अमेरिका की हेलेन लुईस से राउंड ऑफ 16 में हार गईं। अब देखना यह है कि वह रेपेचेज के लिए क्वालिफाई करती हैं या नहीं।
अमन ने 10-0 से ईगोरोव को हराया : अमन सेहरावत तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर उत्तर मैसेडोनिया के व्लादिमीर ईगोरोव को 10-0 से हरा दिया। इसी के साथ वह पुरुषों की 57 किग्रा स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना अल्बानिया के अबकारोव जेलिमखान से होगा।