पटना : बिहार की राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना इलाके में फायरिंग से सनसनी फैल गई। मंगलवार की देर रात अपराधियों ने एक कारोबारी को घेर कर गोली मार दी। इसके बाद पूरे इलाके में खौफ पसर गया। घायल कारोबारी जदयू विधायक श्याम रजक के करीबी दोस्त हैं।
JDU विधायक के कारोबारी दोस्त को मारी गोली : इस वारदात को शास्त्रीनगर के शिवपुरी नाले के पास अंजाम दिया गया। जिस कारोबारी को गोली मारी गई है उनका नाम दिलीप सिंह है और वो सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड के फुलवारी विधायक श्याम रजक के बेहद ही करीबी मित्र हैं। उन्हें बेहद नजदीक से गोली मारी गई है। राजधानी पटना में वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घायल कारोबारी की हालत नाजुक : इस वारदात की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक अपराधी अपना काम कर फरार हो चुके थे। इसके बाद घायल कारोबारी दिलीप सिंह को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी शुरुआती हालत गंभीर बताई गई। खबर लिखे जाने तक दिलीप सिंह की हालत नाजुक बनी हुई थी।
अपार्टमेंट में घुसते ही मारी गई गोली : बताया जा रहा है कि जिस वक्त पटना में दिलीप सिंह को गोली मारी गई, उस वक्त वो अपने ऑफिस से लौटकर अपने अपार्टमेंट में जा रहे थे। तभी हमलावरों ने अपार्टमेंट टिंकू जीएस एनक्लेव एंड छठू एन्क्लेव के पास ही उन्हें निशाना बनाया। दिलीप सिंह जैसे ही अपनी गाड़ी से उतर कर अपार्टमेंट में लिफ्ट की तरफ बढ़े, वैसे ही घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली दिलीप सिंह के पेट में लगी। इसके बाद उन्हें पटना के रूबन अस्पताल में दाखिल कराया गया।
क्या करते हैं दिलीप सिंह : दिलीप सिंह एक ठेकेदार हैं और उनका गिट्टी-बालू और छड़ की सप्लाई का काम है। वो सिंघला जैसी बड़ी कंपनियों में कंस्ट्रक्शन मैटेरियल की सप्लाई करते हैं। दिलीप कुमार सिंह एमपी इंजीकॉन के मालिक हैं जिसका दफ्तर बोरिंग रोड के कुमार टावर में है। 10 बजे रात को उन्हें गोली मारने के बाद अपराधी अटल पथ होते हुए फरार हो गए। पुलिस को वारदात की जगह से दो खोखे मिले हैं। मामले की तफ्तीश की जा रही है।
