बिहार : पटना NEET स्टूडेंट मामला, मोबाइल से डिलीट चैट रिकवर

Patna-Neet-Student

पटना : बिहार की राजधानी पटना में जहानाबाद की NEET छात्रा के साथ हुई कथित हैवानियत के मामले में जांच अब तकनीकी सबूतों पर टिक गई है। विशेष जांच टीम (SIT) ने छात्रा के फोन का डेटा एनालिसिस करते हुए उन वाट्सऐप चैट को वापस पा लिया है, जिन्हें जानबूझकर मिटाया गया था।

इन चैट्स में कई संदिग्ध नंबर सामने आए हैं, जिनकी गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस हॉस्टल संचालक मनीष रंजन उर्फ मनीष चंद्रवंशी के करीबियों, वार्डेन और अन्य कर्मचारियों के मोबाइल रिकॉर्ड खंगाल रही है। जेल में बंद मुख्य आरोपी के सहयोगियों से पूछताछ जारी है, ताकि इस वारदात की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

SIT के अधिकारियों के अनुसार, छात्रा के मोबाइल से मिले डिलीटेड डेटा में कई महत्वपूर्ण सुराग छिपे हैं। पुलिस को संदेह है कि घटना से पहले छात्रा कुछ विशेष लोगों के संपर्क में थी। रिकवर किए गए मैसेज से यह स्पष्ट हो सकता है कि उसे किन परिस्थितियों में निशाना बनाया गया। फिलहाल, पुलिस उन सभी संदिग्ध नंबरों की सूची तैयार कर रही है जिनसे छात्रा की अक्सर बातचीत होती थी। इसके साथ ही, शंभू गर्ल्स हॉस्टल के बाहर पिछले दो महीनों से खड़ी रहने वाली संदिग्ध गाड़ियों के मालिकों को भी जांच के दायरे में लाया गया है।

छात्रा के कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक डायरी मिली है। इस डायरी में छात्रा ने अपनी भावनाओं और जीवन की कुछ निजी घटनाओं का जिक्र किया है, जो पुलिस के लिए जांच का मुख्य आधार बन सकती है। सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल से पता चला है कि 5 जनवरी को हॉस्टल आने के बाद वह दो बार कमरे से बाहर निकली थी और तब उसकी स्थिति सामान्य थी। हालांकि, रात के खाने के बाद वह कमरे से बाहर नहीं दिखी। अगले दिन सुबह जब वो नाश्ते के लिए नहीं पहुंची, तब जाकर इस पूरी घटना का खुलासा हुआ।

हॉस्टल के गार्ड ने 6 जनवरी को सुबह 10 बजे छात्रा को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर संदेह हुआ। जब वार्डेन और हॉस्टल संचालक की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, तो छात्रा बेड पर बेहोश और गंभीर स्थिति में पाई गई। पुलिस अब सीसीटीवी के माध्यम से यह सुनिश्चित कर रही है कि उस रात छात्रा के कमरे में किसने प्रवेश किया या उसे हॉस्टल के भीतर ही कहां ले जाया गया। हिरासत में लिए गए तीन करीबियों से मिली जानकारी और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पुलिस जल्द ही अंतिम नतीजे पर पहुंचने की उम्मीद जता रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *