पटना : बिहार में पटना विश्वविद्यालय ने 2025-26 छात्र संघ चुनाव को शनिवार को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। यह चुनाव 28 फरवरी 2026 को होना था, जहां छात्र स्टूडेंट यूनियन के विभिन्न पदाधिकारियों का चुनाव करने वाले थे। लेकिन विश्वविद्यालय में हाल ही में हुई कई अप्रत्याशित और अमर्यादित घटनाओं को देखते हुए चुनाव को रद्द करने का बड़ा कदम उठाया गया। बताया जा रहा है कि कई प्रत्याशी चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे थे, साथ ही शिक्षकों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ भी बदतमीजी की गई थी।
‘परिसर में अमर्यादित और अप्रत्याशित घटनाएं हुईं’ : विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना में साफ कहा गया है कि पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2025-26 के मतदान की तारीख 28 फरवरी 2026 तय थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों में परिसर में अमर्यादित और अप्रत्याशित घटनाएं हुईं। अधिसूचना में पटना विमेंस कॉलेज परिसर का उदाहरण देते हुए लिखा है कि छात्रों के एक गुट ने बिना अनुमति के अनधिकृत तरीके से घुसकर नारेबाजी की। इसके अलावा चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन भी हुआ, जिसमें छपे हुए बैनर और पोस्टर का इस्तेमाल, महंगी चार पहिया गाड़ियों का इस्तेमाल और चुनाव प्रचार के लिए तय समय से पहले ही प्रचार शुरू करना शामिल है।
‘पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार हुआ’ : अधिसूचना में लिखा है कि इसके अलावा 21 फरवरी 2026 को पटना साइंस कॉलेज में एक कक्षा में घुसकर छात्रों ने शिक्षक के साथ और पटना यूनिवर्सिटी के पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया। इसमें कहा गया है कि इन सभी घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2025-26 को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। बता दें कि यह अधिसूचना संकायाध्यक्ष, छात्र कल्याण द्वारा जारी की गई है, और इसे राज्यपाल के प्रधान सचिव सहित विभिन्न अधिकारियों और महत्वपूर्ण लोगों को भेजा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह फैसला छात्रों के हित और कैंपस में शांति बनाए रखने के लिए लिया गया है।
