PBKS vs GT : पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराया, टारगेट चेज करने में PBKS के पसीने छूटे

PBKS-vs-GT-IPL-2026

न्यू चंडीगढ़ : पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 की शुरुआत जीत के साथ की है। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सीजन के चौथे मुकाबले में पंजाब ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराया। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। पंजाब किंग्स ने 20वेंओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

कूपर कोनोली ने पंजाब को जीत दिलाई : 12 ओवर के बाद पंजाब किंग्स का स्कोर दो विकेट पर 110 रन था। यहां से गुजरात ने दमदार वापसी की लेकिन अंत में पंजाब ने मैच जीत लिया। आईपीएल डेब्यू कर रहे 22 साल के कूपर कोनोली पंजाब की जीत के हीरो रहे। उन्होंने 44 गेंद पर 72 रनों की नाबाद पारी खेली। 118 रन पर पंजाब के 6 विकेट गिर चुके थे। यहां से पहले मार्को यानसेन (9) के साथ कोनोली ने 26 रनों की साझेदारी बनाई।
 
जोवियन बार्टलेट के साथ 8वें विकेट के लिए 9 गेंद पर कोनोली ने 21 रन जोड़े। 5 गेंद पर बार्टलेट ने 11 रन बनाए। 72 रनों की पारी में बार्टलेट ने 5 चौके और इतने ही छक्के मारे। विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने 24 गेंद पर 4 छक्के और एक चौका लगाकर 37 रन बनाए। प्रसिद्ध कृष्णा ने गुजरात के लिए तीन शिकार किए।

गुजरात के बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाए : गुजरात को साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.4 ओवरों में 37 रन की साझेदारी की। सुदर्शन 11 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद गिल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 46 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। कप्तान 27 गेंदों में 6 छक्कों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बटलर ने ग्लेन फिलिप्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया। जोस बटलर ने 33 गेंदों में 38 रन टीम के खाते में जोड़े।

इनके अलावा, ग्लेन फिलिप्स ने 25 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 18 रन का योगदान दिया। पारी के अंतिम ओवर में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कुल 11 बॉल फेंकी। इस दौरान 4 वाइड और 1 नो-बॉल शामिल थी। इस पूरे ओवर में अर्शदीप ने 12 रन लुटाए। पंजाब किंग्स के लिए विजयकुमार वैशाक ने 34 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट निकाले। मार्को यानसेन ने एक शिकार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *