पीएम मोदी के साथ न्यूजीलैंड PM लक्सन ने गुरुद्वारे में टेका माथा, पांच दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं भारत  

PM-Modi-at-Religious-Place

नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन सोमवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने अरदास की। गुरुद्वारा कमेटी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्सन और पीएम मोदी का सम्मान किया। इससे पहले न्यूजीलैंड के पीएम लक्सन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन रविवार को पांच दिवसीय भारत दौरे पर आए हैं। उन्होंने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और आर्थिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

इससे पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री लक्सन और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। जो लोकतंत्र, कानून के शासन और लोगों के बीच मजबूत संबंधों में निहित साझा मूल्यों पर आधारित हैं। राष्ट्रपति ने पिछले साल अगस्त में न्यूजीलैंड की अपनी राजकीय यात्रा की यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड की प्राकृतिक सुंदरता और उसके लोगों की सांस्कृतिक विविधता ने उनके मन पर अमिट छाप छोड़ी है।

राष्ट्रपति ने कहा कि शैक्षिक आदान-प्रदान भारत-न्यूजीलैंड संबंधों का एक महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने संस्थागत आदान-प्रदान, भारत में न्यूजीलैंड के विश्वविद्यालयों द्वारा परिसरों की स्थापना और दोहरी डिग्री के माध्यम से दोनों देशों के बीच शैक्षिक सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों के विकास पर भी संतोष व्यक्त किया।

राष्ट्रपति ने न्यूजीलैंड की प्रगति में प्रतिभाशाली और मेहनती भारतीय समुदाय के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। दोनों नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि अगस्त 2024 में राष्ट्रपति की न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा और प्रधानमंत्री लक्सन की यात्रा के दौरान घोषित महत्वपूर्ण परिणाम भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी को सकारात्मक गति प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *