भारत-अमेरिका डील पर शहबाज शरीफ का घर में उड़ा मजाक

Pm-Modi-Trump

इस्लामाबाद : भारत और अमेरिका के बीच सोमवार को अहम समझौता हुआ है। अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले सामान पर टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। इसके बाद पाकिस्तान से भी इस पर प्रतिक्रिया आ रही है। खासतौर से पाकिस्तानी विशेषज्ञ और आम लोग सोशल मीडिया पर शहबाज शरीफ सरकार पर तंज कस रहे हैं।

अमेरिका ने पाकिस्तान पर 19 फीसदी टैरिफ लगाया है, जबकि भारत पर उससे कम 18 फीसदी कर दिया है। ऐसा तब हुआ है जब अमेरिका और पाकिस्तान के रिश्ते अच्छे समझे जा रहे हैं। वही भारत से अमेरिका के रिश्तों में कुछ समय से तनाव है। पाकिस्तानी नेतृत्व ने कई दफा सार्वजनिक मंचों से डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ की है।

पाकिस्तान के विशेषज्ञ जावेद हसन ने एक्स पर पाकिस्तानी नेताओं के डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ में कसीदे पढ़ने का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा, ‘भारत ने ट्रंप को नोबेल पुरस्कार के लिए नॉमिनेट नहीं किया फिर भी उसे पाकिस्तान से बेहतर टैरिफ डील मिल गई। चेरी ब्लॉसम की एक्स्ट्रा लेयर्स लगाने के मौके के अलावा ट्रंप ने पाकिस्तान को असल में क्या दिया है?’ कई दूसरे पाकिस्तानियों ने भी अपनी सरकार को इस मुद्दे पर निशाने पर लिया है।

अमेरिका और भारत के बीच ड्रेल डील की घोषणा सोमवार को की गई है। इसके तहत अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले सामान पर टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। दोनों देशों की ओर से यह घोषणा महत्वपूर्ण है। बीते साल अमेरिका ने भारत पर 25 फीसदी टैरिफ के अलावा रूस से तेल खरीदने के लिए 25 फीसदी टैरिफ लगाया था। इससे यह टैरिफ कुल मिलाकर 50 फीसदी हो गया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘आज भारत के पीएम मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह अच्छे मित्रों में से एक और अपने देश के सम्मानित नेता हैं। हमने कई विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान और उनके आग्रह पर हमने अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते पर सहमति जताई है। इसके तहत अमेरिका ने टैरिफ को 25 से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *