अंबाला : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हमले को लेकर देशभर के लोगों में उबाल है। इस घटना को लेकर लोग में खासा आक्रोश है। वहीं हरियाणा के अंबाला में तो बवाल हो गया। अंबाला सिटी में आक्रोशित कुछ लोगों ने मुस्लिम समुदाय के दुकानदार की बिरयानी की दुकान को निशाना बनाया और तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद 300 मीटर दूर जूस की रेहड़ी और फूलों की रेहड़ी को पलट दिया और सामान सड़क पर फेंक दिया। रेहड़ी संचालक ने अज्ञात पर मारपीट का भी आरोप लगाया है।
अंबाला सिटी के अलावा अंबाला कैंट में भी लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। पाकिस्तान के झंडे जलाए गए। कैंट के सदर बाजार और रॉय मार्केट में भी आक्रोशित लोगों ने कुछ दुकानों को निशाना बनाया। जिसमें बिरयानी की तीन दुकानों में तोड़फोड़ की। इसके साथ ही कारीगरों के साथ मारपीट का भी आरोप। पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली तो वह मौके पर दलबल के साथ पहुंच गई। भीड़ को तितर बितर किया। पुलिस के अधिकारियों की मानें तो अभी तक पीड़ितों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है।