जलालाबाद : भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर फिरोजपुर के जलालाबाद में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक पाकिस्तानी नागरिक को भारतीय क्षेत्र में अवैध रूप से घुसपैठ करते हुए पकड़ा है। सीमा सुरक्षा बल की तरफ से लखो के बहराम पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत के बाद केस दर्ज किया गया है।
सीमा सुरक्षा बल की 160 बटालियन की बी कंपनी के कमांडेंट के कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार, यह घटना 29 अक्टूबर 2025 को लगभग 12:15 बजे सीमा चौकी डीआरडी नाथ के ऑपरेटिंग पोस्ट नंबर 5 पर हुई। ड्यूटी पर तैनात हवलदार शेख हामिद और कांस्टेबल पवन कुमार तिवारी ने सतलुज नदी के किनारे एक पाकिस्तानी नागरिक को संदिग्ध तरीके से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते हुए देखा।
जवानों ने उसे तुरंत हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपनी पहचान इम्तियाज अहमद पुत्र मुनीर अहमद, निवासी गांव परवाल, तहसील नरवाल, जिला शकरगढ़, पाकिस्तान के रूप में बताई।
घटनास्थल अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 100 मीटर अंदर, सीमा स्तंभ संख्या 214/13 के पास और बीओपी डीआरडी नाथ से लगभग 1600 मीटर की दूरी पर स्थित है। तलाशी के दौरान उसके पास से कुर्ता, पायजामा, एक जोड़ी चप्पल और एक शॉल बरामद हुआ है।
एसआई मोहिंदर सिंह ने इम्तियाज अहमद को हिरासत में लेने के बाद उसके खिलाफ भारतीय पासपोर्ट अधिनियम-1920 की धारा 3/4 और विदेशी अधिनियम 1946 की धारा 14 के तहत मामला दर्ज कर लिया है व उससे पूछताछ की जा रही है।
