बिहार : निकाह के दौरान बवाल, द्वार छेकाई देने से मना करने पर भिड़े दोनों पक्ष; चले लात-घूसे और लाठी-डंडे

Purnia-Nikah-Maarpit-Bihar

पूर्णिया : बिहार के पूर्णिया जिले में एक निकाह समारोह के दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि द्वार छेकाई की रस्म पूरी न करने पर दूल्हा और दुल्हन पक्ष आपस में भिड़ गए। नाच गाने के बीच एकाएक धक्का-मुक्की शुरू हो गई और फिर लात-घूसे और लाठी-डंडे चलने लगे। हालांकि हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोग बीच-बचाव में उतरे, जिसके बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। पूरा मामला कसबा थाना क्षेत्र के दियारी गांव का बताया जा रहा है।

द्वार छेकाई के लिए मांगे 3 हजार रुपये : वहीं निकाह समारोह के दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच हुई जबरदस्त मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो को निकाह समारोह में पहुंचे किसी शख्स ने बनाया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ये मामला गुरुवार सुबह का बताया जा रहा है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि कसबा थाना क्षेत्र के दियारी गांव में मुस्लिम समाज में लड़की की निकाह थी। इसी समारोह में दुल्हन पक्ष की लड़कियों ने दूल्हे से द्वार छेकाई की रस्म में 3 हजार रुपये मांगे। हालांकि दूल्हे ने रुपये देने साफ इनकार कर दिया।

तंज कसने पर हुई मारपीट : वहीं दूल्हे ने जब रुपये देने से इनकार कर दिया तो लड़की पक्ष ने दूल्हे और उसके पक्ष के लोगों पर तंज कसते हुए अपशब्द कहे। इसके बाद मामला बिगड़ा और विवाद बढ़ गया। करीब एक मिनट के वीडियो में साफ तौर पर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच मारपीट की घटना को देखा जा सकता है। वीडियो में घर पर लगा निकाह समारोह का टेंट भी दिखाई दे रहा है।

वीडियो बनाने वाला शख्स कहता है कि दियारी गांव में निकाह समारोह में मारपीट हो रही है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच हो रही धक्का-मुक्की को साफ तौर पर देखा जा सकता है। हालांकि बाद में लड़का पक्ष दूल्हा-दुल्हन को अपने साथ लेकर चले गए। वहीं कसबा थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *