राजस्थान : अतिक्रमण हटाने गई नगर पालिका टीम पर हुआ पथराव, JCB के कांच फूटे

Rajasthan-Bhidwada

भीलवाड़ा : राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के आसींद नगर पालिका क्षेत्र में सोमवार को भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब प्रशासन का पीला पंजा अवैध निर्माण ढहाने पहुंचा। कानपुरा चौराहे के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान स्थानीय निवासी उग्र हो गए और उन्होंने नगर पालिका की टीम पर पथराव कर दिया। इस हमले में जेसीबी मशीन के शीशे टूट गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, आसींद नगर पालिका को कानपुरा चौराहे के निकट बड़े पैमाने पर अतिक्रमण की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद नगर पालिका के दस्ते ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। जैसे ही टीम ने अवैध ढांचों को गिराना शुरू किया, स्थानीय लोग विरोध पर उतर आए। देखते ही देखते विरोध ने हिंसक रूप ले लिया और भीड़ ने टीम पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।

पथराव की सूचना मिलते ही भारी पुलिस जाब्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला और मौके से चार महिलाओं व एक पुरुष को हिरासत में लिया। फिलहाल, इन पांचों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। हंगामे के बावजूद, पुलिस की सुरक्षा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी गई।

आसींद थाना प्रभारी श्रद्धा पचौरी ने मामले को लेकर बताया, “नगर पालिका की टीम कानपुरा चौराहे के पास अतिक्रमण हटाने गई थी, जहां स्थानीय लोगों ने विरोध स्वरूप पथराव किया। घटना के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पथराव करने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) की ओर से लिखित रिपोर्ट मिलने का इंतजार है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *