दिल्ली : शादी समारोह में किशोरी के साथ दुष्कर्म, यूपी के दरिंदे ने बाथरूम में बनाया हवस का शिकार

#Rape-in-Ceremony-Delhi

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के हरदोई से द्वारका नार्थ इलाके में रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने आई 15 साल की एक किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने हरदोई में उसके पड़ोस में रहने वाले युवक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपी युवक उसका रिश्तेदार भी है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के बाद से भागे आरोपी की तलाश कर रही है।

15 साल की किशोरी नौवीं की छात्रा है : जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि रविवार तड़के 3.12 बजे द्वारका नार्थ थाना पुलिस को सेक्टर 12 द्वारका स्थित कम्युनिटी सेंटर में किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। जांच में पता चला कि 15 साल के किशोरी यूपी के हरदोई की रहने वाली है। वह नौवीं कक्षा की छात्रा है। उसके पिता मजदूरी करते हैं। शनिवार को वह अपने परिजनों के साथ हरदोई से दिल्ली में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने आई थी। उसके तमाम रिश्तेदार उसी बस में सवार होकर दिल्ली आए थे।

वॉशरूम में दूसरी महिलाओं ने देखा तो मचाया शोर : पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि समारोह के दौरान देर रात वह वॉशरूम जा रही थी, तभी आरोपी पीछे से वॉशरूम में घुस गया। आरोपी ने जबरदस्ती उसका शारीरिक शोषण किया। इसी बीच समारोह में मौजूद कुछ महिला वॉशरूम पहुंची और दोनों को देखकर शोर मचा दिया। आरोपी वहां से भाग गया। पुलिस ने तुरंत पीड़िता का मेडिकल करवाया और उसका बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया।

दरिंदा भी हरदोई का रहने वाला, करता है पानी सप्लाई का काम : छानबीन में पता चला कि आरोपी हरदोई में पीड़िता के पड़ोस में रहता है और दूर का रिश्तेदार भी है। वह हरदोई में पानी का सप्लाई करता है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम हरदोई के लिए रवाना कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *