रतलाम : मध्य प्रदेश पुलिस ने रतलाम जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चिकलाना में एक मकान पर दबिश देकर एमडीएमए ड्रग बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। सूत्रों के अनुसार जहां से फैक्टरी पकड़ी गई है वह मकान आजाद समाज पार्टी से जुडे़ दिलावर खान का बताया जा रहा है। वहां से 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है तथा बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग, एमडी बनाने का केमिकल, चंदन की लकड़ियां और 12 बोर की 2 बंदूकें और कई कारतूस बरामद किए गए हैं। वहां बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी आधी रात से ही कार्रवाई कर रहे हैं। पुलिस शाम तक पूरे मामले का खुलासा करेगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वहां ड्रग बनाने की सूचना मिलने पर गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे पुलिस दल ने वहां पहुंच कर दबिश दी। दबिश के दौरान वहां उपस्थित लोगों में हड़कंप मच गया। वे भाग पाते उसके पहले पुलिस ने 16 लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद वहां तलाशी अभियान शुरू किया गया तो करीब 10 किलो ड्रग, दो बंदूकें, 91 जिंदा कारतूस, ड्रग बनाने की सामग्री आदि मिली। एसपी रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल और रतलाम शहर एसपी राकेश खाखा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व जवान दोपहर तक फैक्ट्री को घेरे हुए होकर बारीकी से जांच में जुटे हुए हैं। चिकलाना में ड्रग फैक्ट्री की सूचना मिलने पर एसपी अमित कुमार ने टीम गठित की। इसके बाद आधी रात टीम वहां पहुंची इर कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान घर के एक भी सदस्य को बाहर नहीं आने दिया गया है। मीडिया को भी अंदर जाने की परमिशन नहीं है।
पुलिस ने जिस मकान से फैक्ट्री पकड़ी है, वह मकान दिलावर खान बताया जा रहा है। दिलावर खान आजाद समाज पार्टी का पूर्व सदस्य रहा है और यूपी के नगीना से सांसद चंद्रशेखर का करीबी है। दिलावर खान 2023 में जावरा विधानसभ सीट से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका है।
