रोहतास : बिहार में रोहतास जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल जिले के डालमियानगर थाना क्षेत्र में बीते सोमवार को चोरी की घटना को अंजाम देकर घर लौट रहा एक नाबालिग खुद ही लूट का शिकार हो गया। हालांकि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे और उसे लूटने वाले ई-रिक्शा चालक समेत दो अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है।
छापेमारी में हथियार और गहने बरामद : मामले में मंगलवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी ने बताया कि डालमियानगर थाना क्षेत्र में बीते सोमवार को पुलिस को एक चोरी की घटना के बारे में सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जब संदेह के आधार पर एक नाबालिग के कमरे की तलाशी ली, तो उसके कमरे से चोरी के कीमती जेवरात, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस ने एक बटुए से 24 हजार रुपये नगद भी जब्त किया है।
चोर हुआ लूट का शिकार : पुलिस की पूछताछ में नाबालिग ने एक जबरदस्त खुलासा किया। उसने बताया कि चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद वह डेहरी रेलवे स्टेशन गया था, जहां उसने कुछ रुपए अपने बैंक खाते में जमा कराए। इसके बाद जब वह ई-रिक्शा से वापस घर लौट रहा था, तो मथुरी पुल के पास ई-रिक्शा चालक और उसके दो साथियों ने मारपीट कर उसके पास मौजूद करीब तीन लाख रुपये लूट लिए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई : वहीं पुलिस ने नाबालिग के बयान पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रतू बिगहा निवासी ई-रिक्शा चालक राजू कुमार और मथुरी निवासी उसके सहयोगी नीतीश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल बरामद सभी सामानों को विधिवत जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
