शताब्दी वर्ष : इंदौर में RSS के सबसे बड़े पथ संचलन की तैयारी, डेढ़ लाख से अधिक लोग जुटेंगे

इंदौर : इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पकड़ ज्यादा मजबूत है। अपने शताब्दी वर्ष में संघ इंदौर में सबसे बड़े पथ संचालन को निकालने की तैयारी कर रहा है। पांच अक्टूबर को शहर के अलग-अलग स्थानों से हजारों स्वयंसेवक कदमताल करते हुए चलेंगे। इस पथ संचालन में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए स्वयंसेवक बीते पंद्रह दिन से घर-घर जाकर संपर्क कर रहे है। संघ की कोशिश है कि हर परिवार से एक सदस्य संचलन का हिस्सा बने।

आमतौर पर संघ का पथ संचालन हर साल दशहरे पर निकलता है। इसी दिन संघ की स्थापना हुई थी। इस बार संघ का पथ संचालन दशहरे के तीन दिन बाद यानी पांच अक्टूबर को निकालेगा। पिछले साल पथ संचलन में 60 हजार स्वयंसेवक शामिल हुए थे। इस बार शताब्दी वर्ष को देखते हुए दो लाख लोगों को जुटाने की कवायद की गई है। हर क्षेत्र से जुड़े लोगों से संघ के स्वयंसेवक संपर्क कर रहे है और उन्हें पथ संचलन में शामिल होने का आग्रह कर रहे है।

इस कारण शहर में संघ के गणवेश सिलवाने की संख्या भी बढ़ गई है। यह पहला मौका है जब गणवेश की बढ़ती डिमांड को देखते हुए शहर के अलग-अलग स्थानों पर वस्तु भंडार खोले गए है। शहर में संचलन सुबह 9 बजे शुरू होगा और शाम पांच बजे के बाद तक जारी रहेगा। कुल 36 पथ संचलन अलग-अलग क्षेत्रों से निकलेंगे। उनके स्वागत के लिए मंच भी लगाए जाएंगे और घरों से भी परिवार फूल बरसाकर स्वागत करेंगे। रविवार होने के कारण 5 अक्टूबर को पथ संचलन के निकालने का फैसला लिया गया है,ताकि शहर में ट्रैफिक कम हो और ज्यादा लोग संचलन का हिस्सा बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *